फ़िलीपींस में भूकंप से मरने वालों का बढ़ रहा आंकड़ा, अब तक 8 लोगों की मौत, 200 से ज्यादा घायल

Must Read

Philippines: दक्षिणी फ़िलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह आए शक्तिशाली 8.1 तीव्रता के भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. अब तक आठ लोगों की मौत और 200 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है. शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में सामने आए आंकड़ों ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया.

अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की तलाश

राहत एजेंसियां अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं. आशंका जताई जा रही है कि मलबे में दबे लोगों के मिलने के साथ हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. फ़िलीपींस के राष्ट्रपति Bongbong Marcos ने लोगों से शांत रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई बहुमंजिला इमारतों को जोर-जोर से हिलते, दीवारों को गिरते और लोगों को जान बचाने के लिए सड़कों पर भागते देखा जा सकता है.

इमारतें पूरी तरह मलबे में तब्दील

कई स्थानों पर इमारतें पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गईं. भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आया. इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था. तेज झटकों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया और लोगों को घरों, दफ्तरों तथा स्कूलों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरती इतनी जोर से कांपी कि कई लोग खड़े तक नहीं रह पाए. कुछ इलाकों में सड़कें फट गईं और कई पुरानी इमारतों में गंभीर दरारें पड़ गईं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता को बयां कर रहे हैं.

दुकानों का सामान जमीन पर बिखरा

कहीं इमारतों से मलबा गिरता दिखाई दे रहा है तो कहीं लोग चीखते हुए खुले मैदानों की ओर भाग रहे हैं. कई वीडियो में दुकानों का सामान जमीन पर बिखरा नजर आ रहा है. भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई. कुछ इलाकों में लगभग तीन फुट ऊंची लहरें दर्ज की गईं, जबकि शुरुआती चेतावनी में और बड़ी लहरों की आशंका जताई गई थी. तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह

प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी. भूकंप के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि संचार सेवाएं भी प्रभावित होने की खबरें सामने आईं. भूकंप के झटके केवल फ़िलीपींस तक सीमित नहीं रहे. इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किया गया. इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम और पापुआ न्यू गिनी सहित प्रशांत क्षेत्र के कई देशों में निगरानी बढ़ा दी गई.

इसे भी पढ़ें. जनता दर्शन: CM योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं, समाधान का भरोसा दिलाया

Latest News

Share Market Crash: शेयर बाजार में भूचाल! कुछ घंटों में स्वाहा हुए निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये, सेंसेक्स 800 अंक टूटा

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स करीब 800 अंक तक टूट गया जबकि निफ्टी 23,100 के करीब फिसल गया. कुछ ही घंटों में निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए.

More Articles Like This