Plane Crash in US: अमेरिका के मिसौरी के एक एयरपोर्ट के पास स्काईडाइविंग करने वाला एक विमान क्रैश हो गया, जिससे उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह दुर्घटना कैनसास सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई.
मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं
मिसौरी हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग ने बताया कि 911 पर आग की लपटों में घिरे एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली, जिसके बाद MSHP, बटलर पुलिस विभाग और बेट्स काउंटी शेरिफ कार्यालय समेत कई एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं. इविंग ने घटनास्थल को “भयावह” बताते हुए कहा कि विमान “एयरपोर्ट के पास एक खेत में गिरा.
इस दौरान बचाव कर्मियों ने आग बुझा दी है और जांच जारी रहने तक इलाके की सड़कें बंद रहेंगी. मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारण के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई.
कैसे हुआ हादसा
एयरपोर्ट के कार्यवाहक मैनेजर और बेट्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के डायरेक्टर डेनिस जैकब्स ने बताया कि प्राइवेट प्लेन को ‘स्काईडाइव कैनसस सिटी’ ऑपरेट कर रहा था. जैकब्स ने कहा कि क्रैश होने से ठीक पहले इसने उड़ान भरी थी और बाईं ओर मुड़ा था. मुझे लगता है कि इसकी पावर कम हो रही थी और पायलट इसे हाईवे तक ले जाकर लैंड करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन प्लेन स्टॉल हो गया और उसका अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया, जिससे उसमें आग लग गई.

