PM मोदी और ट्रंप की अगले महीने होगी महाबैठक, इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Pm Modi donald trump meeting: भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगले महीने फ्रांस में मुलाकात हो सकती है. दरअसल, 15 से 17 जून तक फ्रांस में G7 की बैठक होनी है और इसमें अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने पर मुहर लग चुकी है. वहीं पीएम मोदी के इस सम्मेलन में शामिल होने की घोषणा पहले ही आधिकारिक रूप से कर दी गई थी. ऐसे में G7 बैठक से इतर पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात की संभावना बढ़ गई है.

ऐसे में दुनियाभर की नजरें पीएम मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात पर होगी क्योंकि दोनों के बीच 16 महीने बाद कोई मुलाकात होगी. वहीं, माना जा रहा है कि दोनों नेता व्यापार, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं.

बैठक में इन मुद्दों को उठा सकते हैं ट्रंप

बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जून में फ्रांस में होने वाली जी7 नेताओं की बैठक में शामिल होंगे इसकी जानकारी व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने दी. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप इस बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), व्यापार और अपराध रोकने जैसे मुद्दों पर बात करना चाहते हैं. माना जा रहा है कि ट्रंप अमेरिकी मदद को व्यापार से जोड़ने, अमेरिका में बने AI टूल्स को दुनिया में बढ़ावा देने और जरूरी खनिजों की सप्लाई चेन पर चीन की पकड़ कम करने जैसे मुद्दों को उठा सकते हैं.

दरअसल, इस साल G7 की मेजबानी फ्रांस कर रहा है जो 15 से 17 जून तक फ्रेंच आल्प्स पहाड़ों के पास झील किनारे बसे शहर एवियन-ले-बैंस में होगी. बता दें कि ईरान युद्ध समेत कई मुद्दों को लेकर ट्रंप और जी7 के कई देशों के नेताओं के रिश्तों में हाल के समय में तनाव बढ़ा है.

More Articles Like This

Exit mobile version