New Delhi: युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने दिल्ली में मीडिया से कहा है कि इंडिया ए के लिए खेलना बहुत मजेदार है. नीली जर्सी पहनना गर्व की बात है. मुझे पिछले साल इंडिया ए के लिए सेंचुरी बनाकर बहुत अच्छा लगा. जब आप किसी भी स्तर पर देश के लिए खेलते हैं तो आप पर थोड़ा दबाव होता है. दबाव एक मौका भी है. मुझे दबाव में खेलने में मजा आता है और मैं उसे अच्छे से संभालने की कोशिश करता हूं.
खेलने का अनुभव मजेदार बताया
प्रियांश आर्य ने मंगलवार से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाले वनडे मैचों की तैयारी के दौरान इंडिया ए के साथ अपने समय को याद किया. उन्होंने इंडिया ‘ए’ के लिए खेलने का अनुभव मजेदार बताया. उन्होंने कहा कि दबाव में शानदार प्रदर्शन का अवसर भी होता है. प्रियांश ने पिछले साल कानपुर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 101 रन बनाए थे और लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम पाँच और अर्धशतक हैं.
179.24 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बनाए
दिल्ली का यह बाएँ हाथ का बल्लेबाज पिछले दो इंडियन प्रीमियर लीग सीजन में भी सुर्खियों में रहा है. उन्होंने आईपीएल 2025 में 179.24 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बनाए और 2026 सीजन में 211.62 के स्ट्राइक रेट से 364 रन बनाए. आईपीएल में वह पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं. आर्य ने कहा कि मैं स्ट्राइक रेट पर उतना फोकस नहीं करता, लेकिन फिर भी मैं जितना हो सके पावरप्ले का फायदा उठाने की कोशिश करता हूं.
आईपीएल में थोड़ी ज्यादा मेहनत
मैंने पिछले साल की तुलना में इस आईपीएल में थोड़ी ज्यादा मेहनत की और इसका फायदा मिला. अगर मेरे खेलने के तरीके में ज्यादा रिस्क है, तो इनाम भी ज्यादा है. मुझे बस खुद पर भरोसा है. जब मैं गेंद को हिट करता हूं, तो मन में कोई शक नहीं होता. उन्होंने कहा कि अगर मैं आउट भी हो जाता हूं, तो मुझे ज्यादा बुरा नहीं लगता. मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं. आप 50 ओवर के क्रिकेट में अपना समय ले सकते हैं, और मैं भी ऐसा करता हूं क्योंकि वहां जल्दी रन बनाने का दबाव कम होता है. मैं बस इतना जानता हूं कि आज के समय में आपको हर दिन सुधार करते रहना चाहिए और मैं भी यही कोशिश करता हूं.
इसे भी पढ़ें. राज्यसभा चुनावः CM योगी की मौजूदगी में BJP के आठों उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

