Israel Attacks Iran: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले के बाद ईरान के पूर्व शाह के बेटे रज़ा पहलवी ने अपने देशवासियों के नाम एक गंभीर और भावनात्मक संदेश जारी किया है. पहलवी ने इस हमले को मानवीय हस्तक्षेप कहा है, जिसका निशाना इस्लामिक रिपब्लिक, उसका दमनकारी तंत्र और जनसंहार करने वाली मशीनरी है. ईरान के क्राउन प्रिंस ने कहा कि वह एक बेहद नाजुक मोड़ पर खड़े हैं.
सहायता अब पहुंच चुकी है
पहलवी का कहना है कि अब किस्मत का फैसला करने वाली घड़ियां सामने हैं और देश के लोग एक निर्णायक मोड़ पर हैं. पहलवी ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान के साहसी लोगों के लिए जो वादा किया गया था, वह सहायता अब पहुंच चुकी है. उन्होंने इस मदद को एक मानवीय हस्तक्षेप के रूप में परिभाषित किया है.
देश के सुरक्षा बलों को कड़ा संदेश
पहलवी ने कहा कि यह सहायता इस्लामिक रिपब्लिक, उसके दमनकारी तंत्र और उसकी हिंसा की मशीनरी के खिलाफ है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कार्रवाई ईरान देश या उसकी महान जनता के खिलाफ नहीं है बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है जिसने देश को जकड़ रखा है. पहलवी ने देश के सैन्य, पुलिस और सुरक्षा बलों को एक कड़ा संदेश दिया है.
ईरानी जनता की रक्षा करने की शपथ
उन्होंने याद दिलाया कि इन बलों ने इस्लामिक रिपब्लिक या उसके नेताओं की रक्षा करने की नहीं बल्कि ईरान और ईरानी जनता की रक्षा करने की शपथ ली है. उन्होंने सुरक्षा बलों से आह्वान किया है कि वे जनता के साथ जुड़ें ताकि एक स्थिर और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके. साथ ही चेतावनी दी कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो वे खामेनेई के डूबते जहाज के साथ ही इतिहास का हिस्सा बन जाएंगे.
जान बचाने के लिए सावधानी बरतें
रज़ा पहलवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि ईरानी जनता ने पिछले दो महीनों से दमन और नरसंहार के बावजूद अपनी हिम्मत नहीं हारी है. उन्होंने ट्रंप से अपील की है कि वे नागरिकों की जान बचाने के लिए अत्यधिक सावधानी बरतें. पहलवी ने कहा कि ईरान के लोग स्वतंत्र दुनिया के स्वाभाविक सहयोगी हैं और वे इस कठिन दौर में मिले समर्थन को कभी नहीं भूलेंगे.
लोग अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें
अपने हमवतनों के नाम संदेश में रज़ा पहलवी ने उन्हें सतर्क रहने को कहा है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फिलहाल लोग अपने घरों में रहें और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि सड़कों पर अंतिम कार्रवाई के लिए सही समय की घोषणा वे खुद करेंगे. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया और सैटेलाइट मीडिया के माध्यम से जुड़े रहने की अपील की है. अगर इंटरनेट या सैटेलाइट में बाधा आती है तो वे रेडियो के जरिए संपर्क बनाए रखेंगे.
इसे भी पढ़ें. ईरान ने किया जवाबी हमला: बहरीन, कतर, कुवैत और UAE में अमेरिकी सैन्य बेस पर दागी मिसाइले