New Delhi: रूस ने चेतावनी दी है कि अगर NATO ने उसके बाल्टिक क्षेत्र के कलिनिनग्राद को हवाई और समुद्री रास्ते से अलग-थलग करने की कोशिश की, तो मॉस्को परमाणु हथियारों समेत अपने पूरे सैन्य जखीरे का इस्तेमाल करने को तैयार है. रूस ने यह बात NATO सदस्य देशों को भेजे गए एक डिप्लोमैटिक नोट में कही है. दूसरी तरफ NATO महासचिव मार्क रुटे ने रूस को परमाणु धमकियां बंद करने की नसीहत दी है. रुटे ने कहा कि NATO एक रक्षात्मक गठबंधन है और रूस को परमाणु धमकियां बंद करनी चाहिए. उन्होंने इस तरह के दस्तावेज को गैरजरूरी और मदद न करने वाला बताया.
सीधे टकराव में NATO को नहीं हरा सकते
रुटे ने यह भी कहा कि व्लादिमीर पुतिन जानते हैं कि सीधे टकराव में वह NATO को कभी नहीं हरा सकते. उनके मुताबिक NATO रूस पर हमला करने की तैयारी नहीं कर रहा है, लेकिन गठबंधन अपनी सुरक्षा के लिए तैयार है. इस पूरे विवाद के केंद्र में है कलिनिनग्राद, रूस का ऐसा इलाका जो उसकी मुख्य जमीन से जुड़ा नहीं है, बल्कि यूरोप के बीच बाल्टिक सागर के किनारे बसा है. इसकी भौगोलिक स्थिति ही इसे रूस और NATO के बीच टकराव का बेहद संवेदनशील केंद्र बनाती है.
दोनों NATO के सदस्य
कलिनिनग्राद रूस का सबसे पश्चिमी इलाका है, जो रूस की मुख्य जमीन से सैकड़ों किलोमीटर दूर बाल्टिक सागर के किनारे बसा है. इसके दक्षिण में पोलैंड और उत्तर-पूर्व में लिथुआनिया है. दोनों NATO के सदस्य हैं. यानी कलिनिनग्राद चारों तरफ से NATO देशों से घिरा हुआ है, जबकि रूस की मुख्य जमीन से इसका सीधा जमीनी संपर्क नहीं है. इसे भूगोल की भाषा में एक्सक्लेव कहा जाता है. यहां रहने वाले लोगों और सेना तक सामान पहुंचाने के लिए समुद्री रास्ते के अलावा लिथुआनिया से होकर गुजरने वाले रेल और सड़क मार्ग भी अहम हैं.
इस्कंदर मिसाइल सिस्टम भी तैनात
कलिनिनग्राद सिर्फ रूस का एक छोटा-सा भूभाग नहीं है. यह बाल्टिक सागर में रूस की सैन्य मौजूदगी का बड़ा केंद्र है. यहां रूस के बाल्टिक बेड़े का मुख्यालय है. इसके अलावा यहां इस्कंदर मिसाइल सिस्टम भी तैनात हैं, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं. अगर युद्ध की स्थिति बनती है तो यहां मौजूद मिसाइलें और सैन्य ठिकाने रूस को रणनीतिक बढ़त दे सकते हैं. दूसरी तरफ NATO के लिए भी यह इलाका बेहद संवेदनशील है, क्योंकि पोलैंड और लिथुआनिया के बीच इसकी मौजूदगी यूरोप की सुरक्षा योजना को प्रभावित करती है.
इसे भी पढ़ें. Punjab Crime: गुरदासपुर पुलिस ने कार से बरामद किया 7 पिस्टल और 8 मैगजीन, चार अरेस्ट