Switzerland Bus Tragedy: स्विट्जरलैंड में दर्दनाक व दिल दहलाने वाला हादसा हुआ. देश की राजधानी बर्न के पश्चिम में स्थित केर्जर्स शहर में बस में भीषण आग लग गई. इस आग में जलकर छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. साथ ही हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि बचाव और सुरक्षा अभियान जारी हैं और जनता से इलाके से दूर रहने की अपील की.
एक शख्स ने बस में खुद को लगा दी आग
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि एक शख्स ने बस में खुद को आग लगा दी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि उस शख्स ने ऐसा क्यों किया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है और इसके पीछे की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है. खुद को आग लगाने वाला शख्स भी मृतकों में शामिल है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खिड़कियों से कई मीटर ऊंची लपटें निकलती और आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दे रहा था.
जानबूझकर किया गया कृत्य
फ्राइबर्ग क्षेत्र के पुलिस प्रवक्ता फ्रेडरिक पापो ने बताया कि बर्न से लगभग 25 किलोमीटर पश्चिम में स्थित केर्जर्स शहर में मंगलवार शाम हुई यह घटना ”जानबूझकर किया गया कृत्य” हो सकती है. यह क्षेत्रीय परिवहन बस ‘पोस्टबस’ द्वारा संचालित की जाती है जो राष्ट्रीय डाक सेवा से संबद्ध है. मीडिया में प्रसारित घटनास्थल की तस्वीरों में बस आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है.
आग की लपटों में पूरी तरह घिरा हुआ था वाहन
क्षेत्रीय सरकार ने एक बयान में कहा, ”मौके पर तुरंत पहुंचे बचाव दलों ने पाया कि वाहन आग की लपटों में पूरी तरह घिरा हुआ था.” पुलिस ने कहा कि एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर दलों ने गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाया और दो अन्य का घटनास्थल पर उपचार किया गया. पापो ने बताया कि कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें. LPG Supply News: मध्य पूर्व तनाव के बीच भारत ने बढ़ाई गैस आपूर्ति, घरेलू उत्पादन 10% बढ़ा

