Burn: स्विट्जरलैंड के आरौ में रविवार तड़के हथियार से लैस बदमाशों ने एक रेव पार्टी को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस वारदात में एक शख्स की मौत हो गई. जबकि 5 घायल हो गए. पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. गोलीबारी की घटना आरौ के शाचेन इलाके में रात करीब 2.30 बजे (स्थानीय समय) हुई. गोलीबारी के बाद पुलिस ने हॉर्स रेसिंग ट्रैक के पास घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है.
गोलीबारी की घटना में हताहतों की पुष्टि
आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने गोलीबारी की घटना में हताहतों की पुष्टि की है. पुलिस ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक आराऊ के शाचेन इलाके में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है. पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और शहर के केंद्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है.
बड़े पैमाने पर घेराबंदी
आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने एक्स पोस्ट में कहा कि हॉर्स रेसिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल और स्पोर्ट्स फील्ड के आसपास के इलाके की बड़े पैमाने पर घेराबंदी की गई है. पुलिस लोगों से इस इलाके से दूर रहने को कह रही है. एहतियात के तौर पर पुलिस आरौ के बाहर भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. पुलिस ने आगे कहा कि बड़े पुलिस ऑपरेशन के कारण, आरौ स्विमिंग पूल अगली सूचना तक बंद रहेगा. लोगों से अनुरोध है कि वे शाचेन से दूर रहें.
एक बड़े समूह ने की कई राउंड फायरिंग
आर्गौ कैंटोनल पुलिस की मीडिया प्रवक्ता वैनेसा रम्पोल्ड ने कहा कि गोलीबारी हॉर्स रेसिंग ट्रैक पर हुई और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या हुआ था. पुलिस ने पुष्टि की है कि लोगों के एक बड़े समूह ने कई राउंड फायरिंग की. आर्गौ कैंटोनल डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट और सेना का सुपर पूमा हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने एक्स पर कहा कि अज्ञात हमलावर की तलाश जारी है. अपराध के संभावित मकसद और घटना के सही हालात अभी स्पष्ट नहीं हैं. आर्गौ कैंटोनल पुलिस भारी बल के साथ तैनात है और उसने जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें. ‘आप ऐसे नेता हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बहुत प्रतिष्ठा है’, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति ने की PM मोदी की तारीफ