Thailand Malaysia: मलेशिया और थाईलैंड के प्रधानमंत्रियों ने एक अनोखा नजारा पेश किया. मलेशिया के पुत्राजया में एक सरकारी लंच के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने सैक्सोफोन बजाया, तो वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने फ्रैंक सिनात्रा का ‘माई वे’ और एल्विस प्रेस्ली का ‘कांट हेल्प फॉलिंग इन लव’ जैसे मशहूर गाने गाकर सभी का हैरान कर दिया.
बता दें कि यह खास पर्फॉर्मेंस थाईलैंड के पीएम अनुतिन की दो दिन की मलेशिया यात्रा के दौरान हुई. इससे पहले दोनों नेताओं ने व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत की थी. ये सुरों वाली परफॉर्मेंस दो पड़ोसी देशों की दोस्ती और भरोसे का ऐसा संदेश था, जो शायद किसी औपचारिक भाषण से भी ज्यादा असरदार साबित हुआ.
दोनों देशों के बीच कई मुद्दो पर बनी सहमति
दरअसल, मलेशिया और थाईलैंड जमीन के रास्ते सीधे जुड़े हुए हैं. वे मलय प्रायद्वीप पर 595 किलोमीटर लंबी सीमा शेयर करते हैं. ऐसे में दोनो देशकई सीमा कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने, विशेष सीमा आर्थिक क्षेत्रों के विकास को आगे बढ़ाने और इमिग्रेशन व कस्टम प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर सहमत हुए हैं, ताकि द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत किया जा सके और 2027 तक 30 बिलियन अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य को हासिल किया जा सके.
मलेशिया और थाईलैंड महत्वपूर्ण पड़ोसी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री दातुक सेरी अनवर इब्राहिम ने कहा कि आज थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक सार्थक और फलदायी रही, जिसमें दोनों नेताओं ने लंबित मुद्दों को सुलझाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा की.
अनवर इब्राहिम ने कहा कि कल बुकित कायु हितम और सदाओ की यात्रा से पहले दोनों पक्ष कई समझौतों पर पहुंचे हैं. उन्होंने इस कार्यक्रम को अनोखा बताते हुए कहा कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के प्रति थाई प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

