डॉ. मनमोहन के निधन पर UN ने जताया दुख, भूटान में प्रार्थना सभा का आयोजन, झुकाया ध्वज

Raginee Rai
Raginee Rai
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Raginee Rai
Raginee Rai
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

 UN on Manmohan Singh Death: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटरेस ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मनमोहन सिंह के परिवार, सरकार और भारत के लोगों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की है. एंटोनियो गुटरेस ने भारत और संयुक्त राष्ट्र में पूर्व पीएम के योगदान का उल्लेख किया.

यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि भारत के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर महासचिव दुखी हैं. सिंह ने भारत के हालिया इतिहास में, विशेष तौर से इसकी आर्थिक राह को आकार देने में अहम भूमिका निभाई.

भारत और यूएन के बीच बनाया मजबूत सहयोग

बयान में आगे कहा गया कि वर्ष 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह ने भारत में महत्वपूर्ण आर्थिक प्रगति और विकास के लिए कार्य किया. उनके नेतृत्व में भारत ने संयुक्त राष्ट्र के साथ अपने सहयोग को भी मजबूत बनाया और ग्‍लोबल पहलों तथा साझेदारी में सक्रिय योगदान दिया.’

भूटान में हुईं प्रार्थना सभाएं, झुकाया ध्वज

डॉ. मनमोहन सिंह की याद में भूटान में भी प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया. यहां के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए. इससे एक दिन पहले उन्होंने राष्ट्र की ओर से थिम्पू में एक बौद्ध मठ में मनमोहन सिंह के लिए प्रार्थना की थी. भूटान सरकार के मुताबिक, भूटान के सभी 20 जिलों में मनमोहन सिंह के लिए अलग-अलग प्रार्थना समारोह का आयोजन किया गया.

भूटान सरकार के अनुसार, मनमोहन सिंह के सम्मान में, पूरे देश में तथा विदेशों में स्थित दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में भूटान का राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया. थिम्पू के ‘कुएनरे ऑफ ताशिचोदजोंग’ में नरेश के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मक्खन के 1000 दीपक जलाए गए. प्रार्थना में पीएम शेरिंग तोबगे, भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला, शाही परिवार के कई सदस्य और भूटान सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया.

मौन हो गए मनमोहन सिंह

भारत के  पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 92 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में गुरुवार रात अंतिम सांस ली. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति की ऐसी शख्सियत थे जो बहुत कम बोलते थे. लेकिन जब बोलते, तो सभी उनकी बात सुनते थे. अब वह शख्सियत हमेशा के लिए मौन हो गई. आज दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनको अंतिम विदाई दी गई.

ये भी पढ़ें:- एलन मस्क पर भड़कीं इंफ्लुएंसर लौरा लूमर, चीन का मोहरा होने का लगाया आरोप

 

 

 

 

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This