Riyadh: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि मुश्किल समय में उनका देश सऊदी अरब के साथ पूरी तरह खड़ा है. उन्होंने दोहराया कि क्षेत्रीय संकट के दौरान इस्लामाबाद सऊदी अरब के साथ पूरा सहयोग करेगा. पाकिस्तान ने कूटनीतिक पहल करते हुए खुद को मध्यस्थ के तौर पर पेश किया है.
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से अहम बैठक
पाकिस्तान ने सऊदी अरब से अपील की है कि वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर कराने में मदद करे. PM शहबाज शरीफ ने जेद्दा में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से एक अहम बैठक की. यह बैठक ऐसे समय हुई जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और आशंका जताई जा रही है कि यह संघर्ष पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है.
रणनीतिक और रक्षा सहयोग को लेकर चर्चा
बैठक में दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और पाकिस्तान-सऊदी अरब के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग को लेकर चर्चा हुई. शहबाज शरीफ ने इस दौरान सऊदी राजा सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के लिए शुभकामनाएं भी भेजीं और पाकिस्तान को मिले लंबे समय से सऊदी समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. इस बैठक में युद्ध को रोकने के लिए कूटनीतिक रास्तों पर भी चर्चा हुई.
PAK भूमिका निभाने को तैयार
पाकिस्तान ने संकेत दिया है कि वह अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष को कम करने के लिए बातचीत कराने में भूमिका निभाने को तैयार है. पाकिस्तान ने सऊदी अरब से यह भी कहा कि वह अमेरिका पर दबाव डाले, खासकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर ताकि युद्ध को रोकने के लिए सीजफायर की दिशा में कदम उठाए जा सकें. इस हाई लेवल मीटिंग में पाकिस्तान के कई बड़े नेता और सैन्य अधिकारी भी मौजूद थे.
बैठक में मुनीर भी हुए शामिल
बैठक में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर भी शामिल हुए. दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय हालात को लेकर गहन चर्चा हुई. पाकिस्तान और सऊदी अरब ने इस बात पर सहमति जताई कि वे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेंगे.
इसे भी पढ़ें. PM Modi Assam Visit: गुवाहाटी पहुंचे PM मोदी, कोकराझार दौरा रद्द, जानें क्या है वजह

