New York: अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने आए ईरान के दो राजनयिकों को देश से निष्कासित कर दिया है. दोनों राजनयिकों को अमेरिका छोड़ने का आदेश दिया गया था, लेकिन वे तय समय के बाद भी न्यूयॉर्क में मौजूद रहे. अमेरिकी अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो दोनों को तत्काल देश छोड़ने के लिए कहा गया. एक राजनयिक शुक्रवार रात और दूसरे ने शनिवार सुबह अमेरिका छोड़ा. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंध हैं.
मिशन को दिया था निर्देश
अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन को निर्देश दिया था कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्य तत्काल अमेरिका छोड़ दें. हालांकि, इसके बाद भी ईरानी प्रतिनिधिमंडल के दो राजनयिक न्यूयॉर्क में रुके रहे. शुक्रवार को ईरान के संयुक्त राष्ट्र मिशन को अमेरिकी अधिकारियों ने सूचित किया कि उन्हें जानकारी है कि दोनों राजनयिक अभी भी शहर में मौजूद हैं और उन्हें तुरंत अमेरिका छोड़ना होगा.
कार्यवाही समाप्त होने के बाद भी न्यूयॉर्क में मौजूद
इसके बाद एक राजनयिक ने शुक्रवार रात अमेरिका छोड़ा, जबकि दूसरे ने शनिवार सुबह देश से प्रस्थान किया. दोनों राजनयिक संयुक्त राष्ट्र महासभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद भी न्यूयॉर्क में मौजूद थे. इसके बाद अमेरिका ने उनके खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें देश से बाहर कर दिया. संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भी दोनों देशों के बीच कई मुद्दों को लेकर तीखी बयानबाजी देखने को मिली थी. हालांकि, ईरान के संयुक्त राष्ट्र मिशन ने अमेरिकी दावे को स्वीकार नहीं किया है.
अमेरिका छोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया
मिशन ने इससे पहले कहा था कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका छोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया गया था. ईरानी मिशन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल सोमवार शाम न्यूयॉर्क से रवाना हुआ था और यह यात्रा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार हुई थी. मिशन ने दावा किया कि इस कार्यक्रम की जानकारी अमेरिकी विदेश विभाग को 17 सितंबर को ही दे दी गई थी. ईरानी मिशन ने अमेरिकी विदेश विभाग पर भी निशाना साधते हुए उसके द्वारा प्रसारित खबरों को बेबुनियाद और बेकार बताया.
इसे भी पढ़ें. यूक्रेन में रूस ने किया ड्रोन अटैक, भारतीय फार्मा कंपनी का प्लांट तबाह, एक की मौत

