अमेरिका में ट्रंप के रिसॉर्ट के पास बड़ा विमान हादसा, रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ प्राइवेट जेट; 9 की मौत

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US Plane Crash: अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार को एक निजी विमान दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. नौ लोगों को लेकर जा रहा यह विमान रिहायशी इलाके के पास एक व्यस्त सड़क पर आ गिरा. जमीन से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया. इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई.
हादसे के दौरान विमान घरों के बेहद करीब गिरा, लेकिन राहत की बात रही कि आसपास की इमारतें इसकी चपेट में नहीं आईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया. कुछ ही देर में घटनास्थल के ऊपर काले धुएं का घना गुबार छा गया.

ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से 14 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

यह दुर्घटना पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके के नजदीक हुई. घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चर्चित रिसॉर्ट मार-ए-लागो से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे आया और घरों तथा सड़क से गुजर रहे वाहनों के बेहद करीब जाकर गिरा.

कार में बैठे लोगों ने कैमरे में कैद किया खौफनाक मंजर US Plane Crash

हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटना के भयावह दृश्य दिखाई दे रहे हैं. सड़क से गुजर रही कारों में लगे कैमरों में विमान को आसमान से तेजी से नीचे आते हुए रिकॉर्ड किया गया. जमीन से टकराते ही उसमें जोरदार विस्फोट हुआ और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. वीडियो में घटनास्थल से आसमान की ओर उठता काले धुएं का गुबार भी नजर आ रहा है.

ऑस्टिन से बहामास के लिए रवाना हुआ था विमान

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दुर्घटना की जानकारी दी. उनके मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे अमेरिकी पूर्वी समय के अनुसार हुआ. विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरी थी और उसका गंतव्य बहामास था. डफी ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) दुर्घटनास्थल पर अपनी टीम भेज रहा है. यह टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में मदद करेगी. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी परिवहन विभाग और FAA मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

हादसे की वजह तलाश रहीं एजेंसियां

ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय (US Plane Crash) हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी तौर पर संचालित किया जा रहा था. विमान का टेल नंबर N722BD बताया गया है. हालांकि, हादसे के तुरंत बाद विमान में मौजूद लोगों की पहचान से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई थी. पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, विमान मिलिट्री ट्रेल नाम की छह लेन वाली व्यस्त सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इस सड़क के आसपास कई दुकानें और रेस्तरां मौजूद हैं. हादसे के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से इस रास्ते से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की. फिलहाल FAA और NTSB ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विमान में तकनीकी खराबी आई थी या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह थी. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें- बोलीविया में ‘अल नीनो’ का कहर, राष्ट्रीय आपातकाल घोष‍ित, म्यांमार ने बनाए 600 राहत केंद्र

Latest News

Jailer 2 Box Office Collection: रजनीकांत की फिल्म ने दुनिया भर में पार किया 800 करोड़ का आंकड़ा, 18वें दिन भी की शानदार कमाई

Jailer 2 Box Office Collection: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही...

More Articles Like This

Exit mobile version