Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब कनाडा और यूरोपीय संघ (EU) के बीच संभावित संबन्धों पर सख्त हो गए हैं. ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर कनाडा और यूरोपीय संघ के बीच कोई संभावित व्यवस्था US के हितों के खिलाफ हुई, तो अमेरिका यूरोप पर भारी टैरिफ (आयात शुल्क) लगा सकता है या कई क्षेत्रों में व्यापार पर रोक भी लगा सकता है. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है.
ऐसा होने की संभावना नहीं दिखती
16 सितंबर को नॉर्थ कैरोलिना के शार्लेट हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी प्रतिक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि ऐसी किसी व्यवस्था के पीछे मंशा क्या है. जब उनसे पूछा गया कि क्या कनाडा यूरोपीय संघ का सहयोगी सदस्य बन सकता है, तो उन्होंने कनाडा को व्यापार के मामले में खराब साझेदार बताते हुए कहा कि उन्हें ऐसा होने की संभावना नहीं दिखती.
कनाडा व्यापार के मामले में एक बहुत खराब साझेदार
ट्रंप ने कहा कि कनाडा व्यापार के मामले में एक बहुत खराब साझेदार रहा है. मुझे ऐसा होता नहीं दिखता. अगर वे ऐसा करते हैं और मुझे लगता है कि यह अमेरिका के खिलाफ कोई कदम है, तो मैं यूरोप पर बहुत गंभीर टैरिफ लगा दूंगा या कई चीजों में यूरोप के साथ व्यापार बंद कर दूंगा. हालांकि, ट्रंप ने किसी नए टैरिफ की घोषणा नहीं की, न ही यह बताया कि किन यूरोपीय उत्पादों पर प्रतिबंध या शुल्क लगाया जा सकता है.
सिर्फ एक संभावित प्रतिक्रिया
उन्होंने कोई समयसीमा भी नहीं दी. उनका बयान सिर्फ एक संभावित प्रतिक्रिया के रूप में था. उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि यूरोप की मंशा अच्छी है या बुरी. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह इस बात का फैसला कैसे करेंगे. ट्रंप ने कहा कि अगर यूरोप ऐसा करता है और उसकी मंशा गलत होती है, तो हम यूरोप पर बहुत भारी टैरिफ लगा सकते हैं. अगर मंशा अच्छी है, तो कोई समस्या नहीं है.
इसे भी पढ़ें. ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ LIVE: नए भारत की बात, उर्दू के साथ, IIC में जुटे देश के बड़े बुद्धिजीवी