PM मोदी का जन्मदिनः राजनाथ सिंह और CM योगी ने भंडारे में बांटा प्रसाद, वाराणसी के मंदिर में की पूजा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 76वां जन्मदिन है. पीएम मोदी के बर्थडे का पूरे देश में मेगा सेलिब्रेशन हो रहा है. काशी से लेकर वडनगर तक, पीएम मोदी की लंबी उम्र के लिए मंदिर में पूजा और प्रार्थना की जा रही है. शहर-शहर आशीर्वाद के दीये जलाने की तैयारी हो रही है. उधर, धर्मनगरी और सांसद के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि काशी में आज विशेष कार्यक्रम हो रहा है. काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान हो रहा है. केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र पदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान काशी में मौजूद हैं. उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हैं. इन सभी ने विधि-विधान से पूजा-पाठ किया.

PM मोदी के जन्मदिन पर राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने की पूजा

वाराणसी में राजनाथ सिंह, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूजा-पाठ किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए 11 हवन कुंडों पर आहुतियां दी गईं. पुरोहितों ने इस दौरान विशेष मंत्रोच्चार किया. बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक भी किया गया. इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई, ये बाइक यात्रा काशी से वडनगर तक जाएगी.

वडनगर से काशी के लिए बाइक रैली रवाना

मालूम हो कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर गुजरात के वडनगर से काशी के लिए भी एक बाइक रैली रवाना की गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई है. इस दौरान गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मौजूद रहे. वडनगर में सभी नेताओं ने पहले पीएम मोदी की लंबी उम्र के लिए पूजा-अर्चना की. वडनगर में अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार विजय मिली है. 25 साल में मोदी कोई चुनाव नहीं हारे. पीएम मोदी ने जनमत का विश्वास हमेशा हासिल किया. भाजपा ने अब बंगाल का गढ़ भी फतेह कर लिया है.

कर्तव्य पथ पर जलेंगे 1.25 लाख दीप

गौरतलब है कि वडनगर से वाराणसी के लिए ऐतिहासिक ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा रवाना हो चुकी है. वडनगर से ये यात्रा 10 अलग-अलग ग्रुप्स में रवाना हुई है. दिल्ली में भी आज पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप जलेंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की हैं. सीएम रेखा गुप्ता ने अलीपुर के खाटूश्याम मंदिर में 100 कुंडी हवन किया और पीएम मोदी की लंबी उम्र की कामना की. इसके अलावा, आज दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में रक्त दान शिविर का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी आज ब्लड डोनेट किया है.

BJP अध्यक्ष ने किया रक्तदान

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर रक्तदान किया है. सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया. भाजपा अध्यक्ष ने रक्त दान के बाद कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के लाखों लोगों के जीवन में पॉजिटिव बदलाव आया है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों से संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का अनुरोध किया.

More Articles Like This

Exit mobile version