New Delhi: आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का कहना है कि वह सिर्फ खेलना नहीं चाहते हैं, बल्कि अगले 10 से 20 साल तक अपने खेल से दबदबा बनाए रखना चाहते हैं. वैभव ने बताया कि वह ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जिसे देखकर लोग बाद में यह कहें कि एक बल्लेबाज अकेले दम पर मैच जीता देता था.
वैभव सूर्यवंशी को मिल गया इनाम
आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन का इनाम वैभव सूर्यवंशी को मिल गया है. वैभव को आयरलैंड-इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. वैभव के पास अब इंटरनेशनल स्टेज पर अपनी काबिलियत साबित करने का सुनहरा मौका होगा. टीम इंडिया के मुख्य सिलेक्टर अजीत अगरकर ने भी माना कि वैभव ने अपने प्रदर्शन के बूते सिलेक्शन कमिटी को उन्हें टीम में शामिल करने पर मजबूर किया.
वैभव का एक इंटरव्यू शेयर
राजस्थान रॉयल्स द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वैभव का एक इंटरव्यू शेयर किया गया है. इस इंटरव्यू में बात करते हुए वैभव ने कहा, “मैंने सोचा है कि मैं 20 साल या जब तक भी क्रिकेट खेलूं और किसी भी टीम की तरफ से खेलूं, तो ऐसा खेलूं कि लोग मैच देखें या फिर बाद में सोचें तो यह कहें कि एक खिलाड़ी अकेले मैच खत्म कर देता था. वो दबदबा दिखना चाहिए, जिसके लिए मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं.”
अच्छा क्रिकेट खेलना है
15 वर्षीय बल्लेबाज ने आगे कहा, “ऐसा नहीं खेलना है कि खेला और बस मैच खत्म हो गया. ऐसा खेलना है कि अगले 10 से 20 साल तक दबदबा बनाए रखना है और अच्छा क्रिकेट खेलना है. मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, क्योंकि मुझे आनंद आता था और मैं इस खेल को खेलते हुए पूरी जिंदगी आनंद लेना चाहता हूं.” आईपीएल 2026 वैभव के लिए गजब का रहा.
237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने 16 पारियों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप को अपने नाम किया. वैभव ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने. उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 72 छक्के लगाए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त किया.
इसे भी पढ़ें. सूरत में हादसाः जहरीली गैस से चार मजदूरों की मौत, कर रहे थे ज्वेलरी फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई

