Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक समिट के लिए अप्रैल में चीन जाएंगे. ट्रंप ने बीजिंग के साथ अमेरिका के संबंधों को स्थिर बताया. उन्होंने कहा कि नहीं, चीन के साथ हमारे संबंध अभी बहुत अच्छे हैं. राष्ट्रपति शी के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं.
प्रेसिडेंट शी के अमेरिका आने की भी उम्मीद
इसके साथ ही प्रेसिडेंट शी के इस साल के आखिर में अमेरिका आने की भी उम्मीद है. ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हां, मैं अप्रैल में राष्ट्रपति शी से मिलने जाऊंगा. मैं इसका इंतजार कर रहा हूं. वह साल के आखिर में यहां आ रहे हैं और मुझे इसका काफी इंतजार है.
शी का अमेरिका दौरा कब होगा
ट्रंप ने अप्रैल के दौरे की जगह या एजेंडा के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है. उन्होंने यह भी नहीं बताया कि शी का अमेरिका दौरा कब होगा. बस इतना कहा कि यह इस साल के आखिर में होगा. हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति और शी जिनपिंग ने फोन पर बातचीत की थी, जिसकी जानकारी अमेरिकी प्रेसिडेंट ने दी.
दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग जैसे विषय शामिल
ट्रंप के मुताबिक यह बातचीत लंबी और गहन रही और इसमें व्यापार, सैन्य सहयोग, चीन की उनकी प्रस्तावित अप्रैल यात्रा, ताइवान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान की स्थिति और दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग जैसे विषय शामिल रहे. इस संबंध में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि मेरी अभी चीन के राष्ट्रपति शी के साथ टेलीफोन पर काफी अच्छे से बातचीत हुई है.
कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
यह एक लंबी और विस्तारपूर्ण बातचीत थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. आर्थिक मुद्दों पर विशेष जोर देते हुए ट्रंप ने कहा कि बातचीत में चीन द्वारा अमेरिका से ऊर्जा और कृषि उत्पादों की खरीद पर चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने चीन द्वारा अमेरिका से तेल और गैस की खरीद के साथ-साथ अमेरिकी कृषि उत्पादों की अतिरिक्त खरीद पर भी बात की.
इसे भी पढ़ें. बांग्लादेश में आज जश्न की जगह स्पेशल नमाज का ऐलान, BNP की जीत से भारत को फायदा या नुकसान?