दिल्ली में ब्राजील के पहले ट्रेड ऑफिस का उद्घाटन, राष्ट्रपति लुइज बोलें-ब्राजील, भारत ग्लोबल साउथ के दो बड़े देश

Must Read

New Delhi: ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने शनिवार को नई दिल्ली में ब्राजीलियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (एपेक्स) के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया. उन्होंने बताया कि ब्राजील और भारत ग्लोबल साउथ के दो बड़े देश हैं. वर्ष 2025 में हमारे बीच 15.2 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार हुआ, जिसमें आगे और वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं.

आर्थिक सहयोग को नई गति

इस मौके पर उनके साथ कई मंत्री और एपेक्स के अध्यक्ष जॉर्ज वियाना भी मौजूद थे. राष्ट्रपति लूला का यह दौरा वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं के पुनर्गठन के दौर में भारत और ब्राजील के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति देने वाला माना जा रहा है. राष्ट्रपति लूला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह एजेंसी विदेशों में ब्राजीलियाई उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने और ब्राजील की अर्थव्यवस्था के रणनीतिक क्षेत्रों में विदेशी निवेश आकर्षित करने का काम करती है.

14 कैबिनेट मंत्री और कई शीर्ष सीईओ शामिल

ब्राजील के राष्ट्रपति इस सप्ताह उच्च-स्तरीय राजकीय दौरे पर भारत पहुंचे हैं. उनके साथ 260 से अधिक ब्राजीलियाई कंपनियों का अब तक का सबसे बड़ा व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल, लगभग 14 कैबिनेट मंत्री और कई शीर्ष सीईओ शामिल हैं. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब वैश्विक व्यापार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ कदमों के कारण बदलाव देखने को मिल रहे हैं.

आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश

ऐसे में भारत और ब्राजील अपने व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. राष्ट्रपति लूला ने नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भी भाग लिया. उन्होंने प्रौद्योगिकी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और समावेशी विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे. इससे भारत-ब्राजील संबंधों में तकनीकी सहयोग एक नए और उभरते आयाम के रूप में सामने आया है.

PM मोदी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता

राष्ट्रपति लूला 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा करेंगे. वार्ता में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा सहयोग, डिजिटल तकनीक और लोगों के बीच संपर्क जैसे विषय शामिल होंगे. साथ ही दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों में सहयोग, वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे.

यह रिश्ता समय के साथ और हुआ मजबूत

भारत और ब्राजील के संबंधों को वर्ष 2006 में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था. साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की समान दृष्टि पर आधारित यह रिश्ता समय के साथ और मजबूत हुआ है. दोनों देश ब्रिक्स, आईबीएसए, जी20, संयुक्त राष्ट्र, विश्व व्यापार संगठन और यूनेस्को जैसे बहुपक्षीय मंचों पर भी करीबी सहयोग करते रहे हैं.

इसे भी पढ़ें. Jio का नया संकल्प: Mukesh Ambani ने पेश किया भारत का 10 लाख करोड़ रुपये का AI रोडमैप

Latest News

20 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

20 October 2026 Ka Panchang:  20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि है....

More Articles Like This