Share Market Today: अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीद से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 400 अंक उछला

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Share Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता की खबरों ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार को मजबूती दी. कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन बाजार की शुरुआत तेज़ी के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में ही प्रमुख सूचकांक हरे निशान में पहुंच गए.

सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 408 अंक यानी 0.52% की बढ़त के साथ 78,927 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 107 अंक यानी 0.44% की तेजी के साथ 24,472 पर पहुंच गया.

किन सेक्टरों ने दिखाई ताकत

आज के कारोबार में रियल्टी और मेटल सेक्टर ने सबसे ज्यादा मजबूती दिखाई. इन सेक्टरों में खरीदारी का जोर देखने को मिला, जिससे बाजार को सहारा मिला. हालांकि, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज समेत कई अन्य सेक्टरों में हल्का दबाव भी बना रहा, जिससे बाजार की तेजी सीमित रही.

मिडकैप और स्मॉलकैप का प्रदर्शन

लार्जकैप शेयरों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 105 अंक यानी 0.60% की बढ़त के साथ 17,592 पर रहा, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 301 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,591 के स्तर पर पहुंच गया.

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल

सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, एचयूएल और आईटीसी में तेजी देखने को मिली. वहीं इन्फोसिस, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.

ग्लोबल संकेतों का असर

एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिला. टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक और सोल के बाजार हरे निशान में रहे, जबकि जकार्ता में गिरावट देखी गई. वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे, जिससे वैश्विक निवेशकों के रुख पर असर पड़ा है.

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच वार्ता की उम्मीद

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बावजूद शांति वार्ता की संभावनाओं ने बाजार को सकारात्मक संकेत दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंच सकते हैं, जबकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी बातचीत की तैयारी में है.

FII-DII का रुख

सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार से 1,059.93 करोड़ रुपए की निकासी की थी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,966.89 करोड़ रुपए का निवेश किया. यह दर्शाता है कि घरेलू निवेशकों का भरोसा बाजार में बना हुआ है, जो बाजार को सहारा दे रहा है.

यह भी पढ़े: दिल्ली दौरे पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी, पीएम मोदी और गृह मंत्री से करेंगे मुलाकात

Latest News

FY26-27 में राज्यों को GST से 1.43 लाख करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ होने का अनुमान: SBI Report

SBI GST Report: देश के राज्यों की वित्तीय स्थिति को लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई रिसर्च रिपोर्ट...

More Articles Like This