West Bengal Election Result 2026: बंगाल के चार जिलों में TMC का नहीं खुला खाता, रुझानों में दिखा BJP का दबदबा

Must Read

West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल में रुझानों के आने का सिलसिला लगातार जारी है. BJP और TMC के बीच कांटे की टक्‍कर चल रही है. भाजपा लगातार अपनी लीड को बढ़ा रही है. चुनाव आयोग के रुझानों में भी भाजपा की बल्‍ले-बल्ले है. इलेक्‍शन कमीशन की ओर से दोपहर 12 बजे तक 293 में से 254 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं. इनमें 168 सीटों पर भाजपा लीड कर रही है. वहीं, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 82 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

मतगणना के रुझानों में बड़ा बदलाव

इसी बीच मतगणना के रुझानों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. 293 सीटों पर जारी गिनती के बीच ऐसे चार जिले सामने आए हैं, जहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) का खाता तक नहीं खुलता दिख रहा है. जिन चार जिलों में TMC का खाता तक खुलता नहीं दिख रहे हैं, उसमें उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जबकि दक्षिण बंगाल के झारग्राम और पश्चिम बर्धमान शामिल हैं. झारग्राम जिले की चार विधानसभा सीटें (नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम, और बिनपुर (एसटी) शामिल हैं.

कभी माकपा का गढ़ रहा झारग्राम 

झारग्राम इलाका आदिवासी बहुल जंगलमहल क्षेत्र का हिस्सा है, जो कभी माकपा का गढ़ रहा, लेकिन 2011 के बाद यह तृणमूल कांग्रेस का मजबूत आधार बन गया था. लेफ्ट फ्रंट के अंतिम वर्षों में यह इलाका माओवादी गतिविधियों के लिए भी जाना जाता था. अलीपुरद्वार जिले की पांच सीटों पर भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है. इनमें कुमारग्राम (एसटी), कालचिनी (एसटी), अलीपुरद्वार, फलाकाटा (एससी) और मदारीहाट (एसटी) शामिल हैं.

सात सीटों पर भी भाजपा के उम्मीदवार आगे

इसी तरह जलपाईगुड़ी जिले की सात सीटों पर भी भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. इनमें धुपगुड़ी (एससी), मयनागुड़ी (एससी), जलपाईगुड़ी (एससी), राजगंज (एससी), डाबग्राम-फुलबाड़ी, माल (एसटी) और नागराकाटा (एसटी) शामिल हैं. जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार, पश्चिम बंगाल के तराई और डूअर्स क्षेत्र में आते हैं, जहां चाय बागानों में काम करने वाले आदिवासी और राजबंशी वोटर चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभाते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी किया था दावा 

वहीं, पश्चिम बर्धमान जिले की सात सीटों (पांडाबेश्वर, दुर्गापुर पूर्व, दुर्गापुर पश्चिम, रानीगंज, जमुरिया, आसनसोल दक्षिण और आसनसोल उत्तर) पर भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है. खास तौर पर आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की मौजूदा विधायक और फैशन डिजाइनर से नेता बनीं अग्निमित्रा पॉल लीड कर रही हैं. पश्चिम बर्धमान कोयला खनन और स्टील उद्योग के लिए जाना जाता है. बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दावा किया था कि इस बार पश्चिम बंगाल में कई जिले ऐसे होंगे, जहां तृणमूल कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी. शुरुआती रुझान इसी ओर इशारा करते नजर आ रहे हैं.

इसे भी पढ़ें. West Bengal Election Result 2026: बंगाल में BJP-TMC के बीच कांटे की टक्‍कर, कांग्रेस का सपना चकनाचूर, अब तक नहीं खुला खाता

Latest News

Apara Ekadashi 2026: यहां पढ़ें अपरा एकादशी व्रत कथा, सभी पापों का होगा नाश

Apara Ekadashi 2026: अपरा एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित होती है. इस दिन विष्णु जी और मां लक्ष्मी की...

More Articles Like This