Perwinder Singh Jhota Murder: पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन आम जनता और विभिन्न संगठनों का गुस्सा अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा. बुधवार की सुबह से ही मेडिकल शॉप के बाहर एकत्रित हुए आक्रोशित सिख संगठनों के लोगों ने मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी है.वहीं, प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसके घर पर बुलडोजर चलाया.
दरअसल, आरोपी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुबह होते ही आरोपी की दुकान के बाहर भारी संख्या में लोगों और पुलिस बल का जमावड़ा लग गया.

प्रशासन ने अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर
शुरुआती दौर में यह कयास लगाए जा रहे थे कि प्रशासन खुद ही आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक की दुकान पर बुलडोजर चलाएगा, लेकिन प्रशासन ने उसके घर के अवैध निर्माण को गिराया है. बुल्डोजर अश्विनी कुमार के घर की तरफ बढ़ा और अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दिया. इस दौरान भरी संख्या में लोग अश्विनी कुमार के घर के बाहर एकत्र थे.
आक्रोशित संगठनों ने दुकान की तहस-नहस
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किए बिना मौके पर पहुंचे निहंग सिंह संगठनों और आक्रोशित लोगों का सब्र जवाब दे गया. प्रदर्शनकारियों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए आरोपी की दुकान और उसके मकान को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि हालात और अधिक न बिगड़ें. मालूम हो कि बीते मंगलवार को नशा का विरोध करने पर दुकान संचालक ने गोली मारकर परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी थी.

