प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ें प्रदेशवासी, ईंधन बचाएं और अनावश्यक सोने की खरीद से बचेंः CM योगी

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक हालात और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच प्रदेशवासियों से संयम और जागरूकता दिखाने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए लोगों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और सार्वजनिक संसाधनों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में इस समय उथल-पुथल का माहौल है और ऐसे समय में सभी नागरिकों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिवों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिलों में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी लाई जाए और अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए. मुख्यमंत्री ने सरकारी तंत्र से लेकर आम नागरिकों तक सभी से संसाधनों की बचत और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की.

सार्वजनिक परिवहन और वर्क फ्रॉम होम पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ की संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने औद्योगिक विकास विभाग और औद्योगिक संस्थाओं को निर्देश दिया कि जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप का आयोजन अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से किया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हों. योगी आदित्यनाथ ने पीएनजी, मेट्रो, सार्वजनिक परिवहन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के अधिक उपयोग पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें.

सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ की अपील

मुख्यमंत्री ने सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ आयोजित करने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि इस अभियान से सरकारी कर्मचारियों, स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जाए. उन्होंने कार पूलिंग, साइक्लिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया. जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां लोगों से अधिकतम मेट्रो उपयोग करने की अपील की गई. साथ ही अधिक मांग वाले मार्गों पर बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए गए.

बिजली बचाने और स्वदेशी अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से बिजली की बचत करने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग नहीं होना चाहिए. व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के न्यूनतम उपयोग पर जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने त्योहारों, शादियों और अन्य आयोजनों में भारत में बने उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से ओडीओपी और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को उपहार के रूप में बढ़ावा दिया जाएगा.

विदेशी यात्राओं और सोने की खरीद पर भी सलाह

मुख्यमंत्री ने लोगों से अगले छह माह तक गैर जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ही हेरिटेज, ईको टूरिज्म, किले, धार्मिक स्थल और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए कई बेहतरीन स्थान मौजूद हैं. उन्होंने नागरिकों, वेडिंग प्लानर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों से प्रदेश में ही आयोजन करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान शुरू करने की भी बात कही, जिसके तहत वेलनेस, ग्रामीण, वन्यजीव और खानपान आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की अपील करते हुए प्रशासन को स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन और व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए.

खाद्य तेल और स्वास्थ्य को लेकर भी निर्देश

मुख्यमंत्री ने लोगों से खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि यह कदम स्वास्थ्य, घरेलू बचत और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए जरूरी है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पोषण जागरूकता शिविर लगाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए. स्कूलों, कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, सरकारी कैंटीन, मिड डे मील, जेल, छात्रावास और पुलिस मेस में भी कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया. स्थानीय प्रशासन को होटल, हलवाई, रेस्तरां, ढाबा और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ बैठक कर कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए.

प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए. उन्होंने फॉर्मर रजिस्ट्री को भी प्राथमिकता देने को कहा. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीएनजी नेटवर्क के विस्तार और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा अपनाने और ऊर्जा बचत में भागीदारी करने की अपील की.

Latest News

14 May 2026 Ka Panchang: गुरुवार का पंचांग, जानिए शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

14 May 2026 Ka Panchang: 14 मई 2026 को ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि और गुरुवार...

More Articles Like This