SBI Recruitment 2026: देश के लाखों युवा बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देखते हैं और अगर आप भी भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है. देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने अप्रेंटिस के हजारों पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती के जरिए युवाओं को न सिर्फ बैंकिंग सेक्टर में अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा, बल्कि हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. बैंक ने कुल 7,150 अप्रेंटिस पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं.
कुल 7,150 पदों पर होगी भर्ती
एसबीआई की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अप्रेंटिस के कुल 7,150 पदों पर भर्ती की जाएगी. बैंकिंग सेक्टर में करियर शुरू करने वाले उम्मीदवारों के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है. देशभर के अलग-अलग राज्यों में इन पदों पर भर्ती की जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता बेहद सामान्य रखी गई है ताकि अधिक से अधिक उम्मीदवार आवेदन कर सकें. किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या कॉलेज से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन यानी स्नातक की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार इसके लिए आवेदन करने के योग्य होंगे. अगर आपने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है, तो आप इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं.
आयु सीमा कितनी तय की गई है?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है. आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 को आधार मानकर की जाएगी. वहीं आरक्षित वर्गों जैसे ओबीसी, एससी, एसटी और अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
एक साल की ट्रेनिंग के साथ मिलेगा स्टाइपेंड
यह भर्ती एक साल के अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम के तहत आयोजित की जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान हर महीने 15,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. इससे उम्मीदवारों को बैंकिंग क्षेत्र की कार्यप्रणाली सीखने के साथ-साथ आर्थिक सहायता भी मिलेगी.
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा. सबसे पहले उम्मीदवारों को ऑनलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी. रिपोर्ट के अनुसार यह परीक्षा जुलाई महीने में आयोजित हो सकती है. लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज टेस्ट देना होगा. इसके बाद मेडिकल टेस्ट होगा. इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
फॉर्म भरने के दौरान सामान्य (General), ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी के उम्मीदवारों को 300 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा. वहीं एससी (SC), एसटी (ST) और दिव्यांग (PWBD) वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.
स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले NAPS पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अप्रेंटिस भर्ती से जुड़े एक्टिव लिंक पर क्लिक करना होगा. वहां रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही तरीके से भरें. इसके बाद जरूरी दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें. फिर अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें. आवेदन जमा होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना न भूलें.
आवेदन से पहले नोटिफिकेशन पढ़ना जरूरी
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले सलाह दी जाती है कि वे एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ा पूरा नोटिफिकेशन ध्यानपूर्वक पढ़ लें. इससे आवेदन के दौरान किसी भी तरह की गलती होने की संभावना कम हो जाएगी और भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां भी स्पष्ट हो जाएंगी.
यह भी पढ़े: जापान के कागोशिमा में 5.9 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत

