Weather Update: कई राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 Kmph तक चलेंगी हवाएं, यूपी-बिहार में बदलेगा मौसम

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम की गतिविधियों को और तेज कर दिया है. इसका असर आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.

कई क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मॉनसून की रफ्तार हुई तेज

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी उत्तरी सीमा की ओर तेजी से बढ़ चुका है. अगले कुछ दिनों में इसके अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है. मॉनसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु और तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां भी तेज होने की उम्मीद है.

इन राज्यों में जारी हुआ बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून के संयुक्त प्रभाव के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल में मौसम बिगड़ सकता है. इन राज्यों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में बदल सकता है मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 27 से 29 मई के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में लू का असर बना रह सकता है. 28 मई से आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने के संकेत हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 29 मई को भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 27 से 31 मई के बीच मौसम सक्रिय रहने वाला है. राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई शहरों में 28 से 31 मई के बीच मौसम बिगड़ सकता है. वहीं 29 मई को कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है.

बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

बिहार के कई हिस्सों में 27 से 29 मई तक मौसम खराब रह सकता है. कटिहार, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 29 मई को कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी जारी की है.

राजस्थान में गर्मी और धूलभरी आंधी का असर

राजस्थान में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं. राज्य में 27 से 29 मई तक तेज गर्म हवाएं और धूलभरी आंधियां चल सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में तापमान काफी अधिक रहने की संभावना है. जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा संभाग के लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में 27 से 29 मई तक मौसम खराब रह सकता है. शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जैसे क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में 27 से 30 मई के बीच मौसम करवट ले सकता है. चमोली, पंतनगर, रानीखेत और चंपावत में पहले ही तेज हवाएं रिकॉर्ड की गई हैं. आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है.

जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने 27 से 30 मई तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. श्रीनगर, रामबन, पुंछ और पहाड़ी क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी जारी की गई है.

Latest News

मीडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एर्दोगन और नेतन्याहू में जुबानी जंग

Iran Israel War: तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयब एर्दोगन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच जुबानी जंग...

More Articles Like This