Rio Helicopter Crash: ब्राजील से विमान हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा रियो डी जेनेरियो शहर में हुआ, जब दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए. इस हादसे में लोकप्रिय गायक ओलिवर ट्री सहित 6 लोगों की मौत हो गई. एक हेलीकॉप्टर पास स्थित कार शोरूम पर गिरने से भीषण आग लग गई. इससे वहां अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय सैन्य दमकल विभाग के अनुसार, हेलीकॉप्टर के गिरते ही शोरूम में खड़े कई इलेक्ट्रिक वाहनों ने आग पकड़ ली. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. राहत और बचाव दल ने सभी यात्रियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन किसी की जान नहीं बच सकी.
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओलिवर ट्री जिस हेलीकॉप्टर में सफर कर रहे थे, उसमें उनके साथ लुकास विग्नाले, गैस्पर प्रिम, लुकास ब्रिटो चावेस और पायलट एलेक्जेंडर सूजा मौजूद थे. दूसरे हेलीकॉप्टर में केवल पायलट चार्ल्स मार्सिलैक सवार थे. हादसे में सभी 6 लोगों की जान चली गई. अधिकारियों ने बताया कि रविवार की हुई इस दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टरों में एक एयरबस H125 और दूसरा बेल 206B जेट रेंजर था. शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 8:59 बजे हुआ. टक्कर के बाद मलबा आसपास के इलाके में बिखर गया और आग की लपटों ने करीब 20 वाहनों को अपनी जद में ले लिया.
एजेंसियों ने शुरु की हादसे की जांच
ब्राजील की संबंधित एजेंसियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय चूक की भूमिका थी.
कौन थे ओलिवर ट्री?
ओलिवर ट्री ने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना ली थी. किशोरावस्था में उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक कलाकारों के साथ काम किया और बाद में अपनी अलग शैली के कारण दुनियाभर में लोकप्रिय हुए. वर्ष 2020 में उनका पहला स्टूडियो एल्बम Ugly Is Beautiful रिलीज हुआ, जिसे शानदार प्रतिक्रिया मिली. उनका गाना Life Goes On भी काफी हिट रहा. इसके बाद उन्होंने Cowboy Tears, Alone in a Crowd और Love You Madly Hate You Badly जैसे कई प्रोजेक्ट्स पेश किए.

