गाजीपुर: 52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 एवं स्पेशल ओलम्पिक प्रतियोगिता का गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता के अंतिम दिन अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. वहीं, टीम चैंपियनशिप के ओवरऑल खिताब पर महाराष्ट्र ने कब्जा जमाया, जबकि उत्तरप्रदेश दूसरे और आंध्रप्रदेश तीसरे स्थान पर रहा. अंतिम दिन प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि घोसी लोकसभा के पूर्व सांसद अतुल राय और मोहम्मदाबाद युसुफपुर के सी.ओ. सुधाकर पांडेय रहे. पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय ने दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया.
इन पांच भार वर्गों में हुआ मुकाबला
अंतिम दिन कुल पांच कैटेगरी में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं. महिला वर्ग के 84 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र की प्रतिभा अरुण लोने ने कुल 535 किलो भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया. महाराष्ट्र की ही संहिता मल्लिक ने 490 किलो भार के साथ दूसरा और आंध्रप्रदेश की ए. माधुरी ने 430 किलो भार उठाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.
महिला वर्ग के 84+ किलो भार वर्ग में आंध्रप्रदेश की डी. अनुषा ने 522.5 किलो भार उठाकर पहला स्थान हासिल किया. केरल की गौरी आर. 480 किलो भार के साथ दूसरे और महाराष्ट्र की स्वरांगी पाटिल 425 किलो भार के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
पुरुष वर्ग के 105 किलो भार वर्ग में कर्नाटक के विश्वनाथ बी. ने कुल 885 किलो भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया. मध्यप्रदेश के शशांक जोशी ने 867.5 किलो भार के साथ दूसरा और मो. दानिश मो. शकील ने 857.5 किलो भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया.
पुरुष वर्ग के 120 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र के पृथ्वीराज शिन्दे ने 880 किलो भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया. विदर्भ के रजत डोंगरे ने 842.5 किलो भार के साथ दूसरा और मध्यप्रदेश के यशवर्धन सिंह ने 820 किलो भार उठाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.
वहीं, पुरुष वर्ग के 120+ किलो भार वर्ग में जम्मू-कश्मीर के गौरव शर्मा ने 897.5 किलो भार उठाकर पहला स्थान हासिल किया. महाराष्ट्र के सागर मिराषि ने 867.5 किलो भार के साथ दूसरा और तमिलनाडु के थिनकरण के. ने 865 किलो भार उठाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया.
बेस्ट लिफ्टर का पुरस्कार भी हुआ प्रदान
प्रतियोगिता में महिला वर्ग की बेस्ट लिफ्टर श्रेणी में महाराष्ट्र की प्रेरणा साल्वी ने प्रथम स्थान हासिल किया. गुजरात की रोहित अंजना बी. को दूसरा और महाराष्ट्र की काजल बनखरे को तीसरा पुरस्कार मिला.
पुरुष वर्ग की बेस्ट लिफ्टर श्रेणी में मध्यप्रदेश के शैलेंद्र सेवतिया प्रथम रहे. केरल के आदर्श अत्तावर ने दूसरा और तेलंगाना के एम. वंसी ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया.
महिला और पुरुष टीम चैंपियनशिप में महाराष्ट्र आगे
टीम चैंपियनशिप के महिला वर्ग में महाराष्ट्र ने 54 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया. उत्तरप्रदेश 40 अंकों के साथ दूसरे और केरल 35 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
पुरुष वर्ग की टीम चैंपियनशिप में भी महाराष्ट्र ने बाजी मारी. महाराष्ट्र ने 45 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि मध्यप्रदेश 44 अंकों के साथ दूसरे और तेलंगाना 36 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
ओवरऑल टीम चैंपियनशिप में महाराष्ट्र 99 अंकों के साथ प्रथम रहा. उत्तरप्रदेश ने 59 अंकों के साथ दूसरा और आंध्रप्रदेश ने 58 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया.
समापन समारोह में ये अतिथि रहे मौजूद
प्रतियोगिता के समापन समारोह की मुख्य अतिथि एसपी गाजीपुर इरज रजा रहीं. उनके साथ मंच पर विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पंकज सिंह, उपाध्यक्ष मोहित श्रीवास्तव, पावरलिफ्टिंग के प्रदेश अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, महासचिव अमित राय, इंडिया प्रेजिडेंट सतीश कुमार कुदरोली और इंडिया सेक्रेटरी पी.जे. जोसेफ मौजूद रहे.
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि इरज रजा का बुके, माला, पगड़ी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया. वहीं, इंडिया प्रेजिडेंट सतीश कुमार कुदरोली और इंडिया सेक्रेटरी पी.जे. जोसेफ को भी मुख्य अतिथि इरज रजा द्वारा सम्मानित किया गया. अंत में राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की गई.
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के दौरान समस्त कार्यों को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में महासचिव अमित राय, एशिया चैंपियन अरविंद शर्मा, संजीव सिंह, पुनीत सिंघल, अमित सैनी, प्रशांत राय, सत्यम और रोहित तिवारी की मुख्य भूमिका रही.

