Madhepura Double Murder: बिहार से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां मधेपुरा घैलाढ़ प्रखंड अंतर्गत ईटहरी गांव में शनिवार को एक 12 वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को पीट-पीटकर मार डाला. सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई.
आरोप है कि, सुबह करीब 11 बजे अनिल यादव (45 वर्ष) ने ईटहरी गांव के वार्ड दो निवासी सुनील ठाकुर के पुत्र सुमित कुमार(12) की गला रेतकर हत्या कर दी. घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया.
ग्रामीणों में इस कदर गुस्सा फड़का कि उन्होंने आरोपित अनिल यादव को ढूंढकर उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों के मुताबिक, बराही पंचायत के वार्ड संख्या आठ के स्व. राजकिशोर यादव का पुत्र मानसिक रूप से अस्वथ था.
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. कानून को अपने हाथ में लेने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी.

