CM योगी बोले- चुनाव जीते तो पुरुषार्थ और हारने पर EVM दोषी, देश में अराजकता फैला रही कांग्रेस

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला जुबानी हमला बोला. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से देश की राजधानी दिल्ली में लगातार देखा जा रहा है कि कांग्रेस व इंडिया गठबंधन न केवल आम जन को परेशान, बल्कि अव्यवस्था व अराजकता पैदा कर देश की संवैधानिक संस्थाओं को भी कठघरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं. पहचान का संकट खड़ा करने और भ्रष्ट मंसूबों के कारण कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी साख पूरी तरह खो चुके हैं और उनके इस गैर-राजनीतिक व्यवहार को देश की जनता भली-भांति देख रही है.

अव्यवस्था फैलाना कांग्रेस की नियति का हिस्साः सीएम योगी

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आश्चर्य है कि चुनाव जीतने पर इनका पुरुषार्थ और हारने पर ईवीएम और इलेक्शन कमीशन दोषी हो जाता है. न्यायालय अगर मेरिट के आधार पर कोई फैसला देता है, तो माननीय न्यायालय को भी कठघरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास किया जाता है. तमाम प्रकार की धमकियां देने का प्रयास होता है. ऐसे ही तमाम अन्य संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना, गाली-गलौच करना और अव्यवस्था फैलाना कांग्रेस की नियति का हिस्सा बन चुका है.

कांग्रेस नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि जनता उन्हें क्यों ठुकरा रही

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि जनता उन्हें हर बार क्यों ठुकरा रही है. 1985 के बाद से यूपी में कांग्रेस फिर नहीं आ पाई. यूपी की जनता ने कांग्रेस को 41 वर्ष पहले ही विदा कर दिया था. देश के अन्य राज्यों में भी लोगों का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है और वे इससे मुक्ति पा चुके हैं. कांग्रेस के लोगों को चाहिए कि वे अपने अकर्मण्य, भ्रष्टाचारी और जनता का विश्वास खो चुके नेतृत्व को बदलें. भारत में अराजकता न फैलाने और भारत की संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने का कुत्सित प्रयास न करें.

जनता स्वीकार नहीं करेगी अराजकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की जनता लोकतांत्रिक दृष्टि से बड़ी जागरूक है. वह इस अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी. ऐसा नहीं है कि जनता बहुत दिनों और बहुत देर तक यह सब बर्दाश्त करेगी. अगर कांग्रेस व उनके सहयोगी दलों ने अपने असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कृत्य बंद नहीं किए तो उन्हें बचा-खुचा जनाधार भी गंवाना पड़ेगा.

युवाओं को गुमराह करने से बाज आए कांग्रेस

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने से बाज आए. जनता-जनार्दन और युवाओं को गुमराह करने से बाज आए. मेरिट के आधार पर और मुद्दों पर चर्चा कर के स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा बने.

Latest News

इमरान खान की बहनों को जेल से अभी राहत नहीं, पाक सरकार ने 30 दिन और बढ़ाई हिरासत

Pakistan News: पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत को...

More Articles Like This