Germany fire: जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. हालांकि इस मामले में पुलिस ने हत्या के शक में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह आग बोखुम के होफस्टेडे इलाके में स्थित एक बहु-परिवार आवासीय इमारत में लगी थी. वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दूसरी मंजिल के एक अपार्टमेंट से तीन लोगों के शव बरामद किए. इस हादसे के मृतकों में 25 और 27 वर्ष की दो युवतियां तथा 26 वर्षीय एक युवक शामिल हैं. तीनों भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं.
अफरा-तफरी में पांच लोग घायल हो गए
जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान इमारत में अफरा-तफरी मच गई. वहीं, धुएं की चपेट में आने से पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोखुम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी घायल नागरिक किस देश के है इसके बारे में कोई जानकारी नही दी गई है.
वहीं, घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस ने उसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है. फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग कैसे लगी और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी.
बताया जा रहा है कि यह हादसा मंगलवार तड़के हुआ, जब अचानक इमारत में आग भड़क उठी. आग पर काबू पाने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीन भारतीयों को बचाया नहीं जा सका. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है.

