Andhra Pradesh Crime: आंध्र प्रदेश से सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां अनंतपुर जिले के राप्टाडु मंडल में शनिवार सुबह एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान छात्राओं में उस समय शोर-शराबा के बीच अफरा-तफरी मच गई, जब एक 21 वर्षीय युवक लकड़ी काटने वाली आरी लेकर 10वीं के कक्षा में घुस गया. उसने दो छात्राओं पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गईं. इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हमला सुबह करीब 10:30 बजे रापताडू गांव के जिला परिषद हाई स्कूल में हुआ. यह घटना क्लासरूम के अंदर हुई, जहां एक शिक्षक मौजूद थे और पढ़ाई चल रही थी.
एयर एंबुलेंस के जरिए बेंगलुरु ले जाई जाएगी घायल छात्रा
दोनों लड़कियों को इमरजेंसी इलाज के लिए सीधे अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया. उनमें से एक की वहां गंभीर सर्जरी चल रही है और उसे एयर एम्बुलेंस के जरिए बेंगलुरु के एक अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा.
आरोपी को पुलिस ने दबोचा
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम हेमंत उर्फ डुम्मू है. बताया जाता है कि हमले के बाद वह फरार हो गया था. बाद में उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा है कि वह श्री सत्य साईं जिले के धर्मवरम मंडल के नागालुर का रहने वाला है और लड़की का दूर का रिश्तेदार बताया जाता है.
पुलिस ने घटनाक्रम का पता लगाने और हमले के पीछे की परिस्थितियों को समझने के लिए जांच शुरू कर दी है. हमले के मकसद की भी जांच की जा रही है.
क्या कहा मुख्यमंत्री नायडू ने?
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, “राप्टाडु जेडपी हाई स्कूल में 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर उसकी क्लास के अंदर हुए बर्बर हमले से मैं गहरे सदमे में हूं और बेहद आक्रोशित हूं. जो हमलावर स्कूलों के अंदर हमारी बच्चियों को निशाना बनाते हैं, उनके लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है.”
उन्होंने आगे कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से उसके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहा हूं और मैंने मेडिकल टीम को निर्देश दिया है कि वे उसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ देखभाल दें. मैंने पुलिस को आदेश दिया है कि वे इस घटना के लिए जिम्मेदार दरिंदे को ढूंढ़ निकालें और उसे जल्द से जल्द सबसे कड़ी कानूनी सजा दिलाएं.”

