IndiGo Flight: दिल्ली से पुणे आ रही एक इंडिगो की फ्लाइट में एक पैसेंजर ने इमरजेंसी एग्जिट गेट के लीवर के साथ छेडछाड़ की कोशिश की. जिससे फ्लाइट का अलार्म बज गया. इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को पुणे के रहने वाले 33 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यात्री की पहचान पुणे जिले के सासवड निवासी गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है. वह इंडिगो की फ्लाइट 6E6884 में सफर कर रहा था और इमरजेंसी एग्जिट के बगल वाली सीट 19D पर बैठा था.
टेकऑफ के कुछ ही देर बाद बजा अलार्म
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर गोविंद पवार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ के दौरान रौतेला ने दावा किया कि उसने उत्सुकतावश लीवर कवर को छू लिया था और उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह इमरजेंसी डोर मैकेनिज्म से जुड़ा हुआ है. जैसे ही उसने कवर को छुआ, विमान के अंदर एक अलार्म बज उठा, जिससे क्रू मेंबर्स सतर्क हो गए.
जाने क्या है पूरा मामला?
घटना सोमवार को रात करीब 12.45 बजे हुई, जब फ्लाइट दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हवा में थी. विमान रात करीब 2 बजे पुणे में उतरा. इस घटना के बाद इंडिगो के क्रू मेंबर ओंकार विनोद कुलकर्णी ने यात्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी डोर के मैकेनिज्म के साथ छेड़छाड़ करने से अन्य यात्रियों की जान और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी. पवार ने बताया कि अलार्म सिस्टम विमान की सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है और इसे ऐसी स्थितियों में क्रू को सतर्क करने के लिए ही बनाया गया है.
BNS और एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत रौतेला को नोटिस जारी किया है. इसके अलावा, उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 25 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

