New Delhi: दिवाली से पहले अमूल ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने अमूल घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. अमूल के 1 किलो घी के पैक की कीमत 630 रुपये से बढ़ाकर 680 रुपये कर दी गई है, जबकि 100 ग्राम मक्खन का पैक अब 63 रुपये के बजाय 66 रुपये कर दिया है. हालांकि, सितंबर 2025 में GST की दरें घटने के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतों में कटौती की थी.
100 ग्राम मक्खन का पैक 62 से घटकर 58 रुपये
1 लीटर घी के पैक का दाम तब कंपनी ने 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये और 5 लीटर के टिन की कीमत 3,275 रुपये से कम करके 3,075 रुपये कर दी गई थी. इसी तरह 100 ग्राम मक्खन का पैक 62 रुपये से घटकर 58 रुपये और 500 ग्राम का पैक 305 रुपये से कम होकर 285 रुपये का हो गया था.
अमूल के घी और मक्खन की नई कीमतें
अमूल प्रोडक्ट पुरानी कीमत नई कीमत कितने रुपये बढ़े
घी (1 किलो पैक) ₹630 ₹680 ₹50
शुद्ध घी (500 ग्राम पाउच) ₹325 ₹345 ₹20
मक्खन (100 ग्राम पैक) ₹63 ₹66 ₹3
मक्खन (500 ग्राम पैक) ₹310 ₹325 ₹15
बाजार में अमूल घी का स्टॉक कम
अमूल के घी और मक्खन की कीमतें बढ़ने के साथ ही गुजरात में इनकी कमी की समस्या भी सामने आने लगी है. वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों का कहना है कि बाजार में अमूल घी का स्टॉक कम हो रहा है. खासतौर पर अमूल काउ घी की उपलब्धता पर असर पड़ा है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, दुकानदारों के मुताबिक, गणेश उत्सव के बाद इसकी मांग बढ़ने से सप्लाई प्रभावित हुई है. मंगलवार को अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित डी-मार्ट स्टोर में अमूल घी और मक्खन का स्टॉक खत्म हो गया था.
पुणे और कोलकाता से भी सप्लाई में कमी
यह परेशानी सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं है. इससे पहले जुलाई और सितंबर में पुणे और कोलकाता से भी अमूल के डेयरी उत्पादों की सप्लाई में कमी की शिकायतें सामने आई थीं. हाल ही में, कर्नाटक सरकार ने 29 अक्टूबर को नंदिनी दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी. इस बदलाव के बाद टोंड दूध का एक लीटर पैक 46 रुपये के बजाय 54 रुपये तक पहुंच गया. बढ़ी हुई कीमत में से 7 रुपये प्रति लीटर सीधे डेयरी किसानों को दिए जाएंगे, जबकि बाकी 1 रुपया दूध यूनियन को मिलेगा. दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला पशुओं के चारे, दवाइयों, ढुलाई और पैकेजिंग पर बढ़ते खर्च को देखते हुए लिया गया है.
इसे भी पढ़ें. नेवी ने शुरू की भारतीय नौसेना के दो अधिकारियों के कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया, क्यों हुई कार्रवाई?

