Ramayana: फिल्मों की रिलीज के दौरान सिनेमाघरों में चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड करना और उन्हें इंटरनेट पर वायरल करना अब आम होता जा रहा है. कई बड़ी फिल्मों को भी इस तरह की पाइरेसी का सामना करना पड़ता है. अब इस लिस्ट में नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ का नाम भी जुड़ गया है. फिल्म की फुटेज कथित तौर पर सिनेमाघरों में रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया और अलग-अलग मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर की जा रही है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फिल्म के निर्माताओं ने अब सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं थम रही फिल्म की पाइरेसी
‘Ramayana‘ की रिलीज से पहले ही बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म की अवैध रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन प्रसार को रोकने के लिए निर्देश जारी किए थे. एक याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने साफ किया था कि फिल्म या उसके किसी भी हिस्से को बिना अनुमति रिकॉर्ड करके इंटरनेट पर अपलोड और साझा नहीं किया जा सकता. इसके बावजूद कथित तौर पर फिल्म की फुटेज सोशल मीडिया और पाइरेसी वेबसाइट्स पर प्रसारित की जा रही है. अब निर्माताओं ने इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कानूनी कदम उठाने का फैसला किया है. फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक कानूनी नोटिस साझा करते हुए लोगों को चेतावनी दी है.
मेकर्स ने जारी किया सख्त कानूनी नोटिस Ramayana
निर्माताओं की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ की कुछ फुटेज बिना अनुमति सिनेमाघरों में रिकॉर्ड की जा रही हैं. इसके बाद इन वीडियो को सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलाया जा रहा है. नोटिस के मुताबिक, बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 को जारी अपने आदेशों के जरिए सभी ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों को फिल्म की रिकॉर्डिंग करने, उसे अपलोड करने, साझा करने या किसी अन्य माध्यम से प्रसारित करने से रोक दिया है.
मेकर्स ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियां कॉपीराइट का उल्लंघन हैं. साथ ही, नोटिस में कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और आईटी एक्ट 2000 के तहत कानूनी कार्रवाई का उल्लेख किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों को जेल और जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा, अदालत के आदेश की अवमानना का मामला भी बन सकता है.
पहले से वायरल वीडियो भी तुरंत हटाने की दी हिदायत
फिल्म की टीम ने दर्शकों और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे फिल्म की किसी भी अवैध रिकॉर्डिंग को न तो खुद बनाएं और न ही उसे इंटरनेट पर साझा करें. जिन लोगों ने पहले से ऐसी क्लिप्स पोस्ट की हैं, उन्हें भी तुरंत हटाने के लिए कहा गया है. मेकर्स ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की जानकारी संबंधित अधिकारियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक पहुंचाई जाएगी. ऐसे मामलों में बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के आपराधिक, दीवानी और अदालत की अवमानना से जुड़ी कार्रवाई की जा सकती है. इस सख्त रुख से साफ है कि ‘रामायणम्’ की फुटेज लीक करने और उसे ऑनलाइन फैलाने वालों के खिलाफ निर्माता अब कोई नरमी बरतने के मूड में नहीं हैं.

