हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब में अरामको के ठिकानों पर किया हमला, तेज धमाकों से हिला रियाद

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Houthi Attack: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कई जोरदार धमाके सुने गए. ये विस्फोट देश के नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के कुछ ही देर बाद हुए.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, शहर के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में तेल कंपनी सऊदी अरामको से जुड़ी एक इमारत को नुकसान पहुंचा है. वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने कहा कि उसने रियाद और दक्षिणी क्षेत्र की ओर दागी गई दो क्रूज मिसाइलों सहित कुल चार हूती मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया.

एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर अटैक

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और तेल संयंत्रों पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली है.

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया कि उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों का उपयोग कर सऊदी अरब के प्रमुख रणनीतिक व सैन्य ठिकानों पर 6 सैन्य अभियान चलाए हैं. सारी के मुताबिक, ये हमले यमन के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में किए गए हैं.

कहा-कहा हमलों का किया गया दावा

हूती प्रवक्ता ने बताया कि पहले अभियान में रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, तेल भंडारण टैंकों और अरामको के डिस्टिलेशन टॉवर को निशाना बनाया गया. दूसरा हमला खुरैस स्थित अरामको के ठिकानों पर और तीसरा हमला दवादमी क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन नंबर 8 पर किया गया.

चौथे अभियान में नजरान स्थित नेशनल गार्ड कैंप में सऊदी सैन्य टुकड़ियों, पांचवें में अल-जौफ के पूर्वी इलाके और छठे अभियान में मारिब में सऊदी सेना के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया गया. हूतियों ने इन हमलों में सऊदी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया है, हालांकि, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

आगे भी सऊदी पर हमले जारी रखने की चेतावनी

हूती प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान सना, अल-जौफ, ताइज, सादा और मारिब सहित कई प्रांतों में 105 हवाई और मिसाइल हमले किए हैं, जिसमें कई नागरिक हताहत हुए हैं.

उन्होंने कहा कि संघर्ष बढ़ने के बाद से सऊदी गठबंधन अब तक 4369 हमले कर चुका है. सारी ने चेतावनी दी कि वे सऊदी अरब के भीतर अपने सैन्य अभियान जारी रखेंगे और नाकाबंदी के बदले नाकाबंदी तथा हमले के बदले हमले की नीति पर कायम रहेंगे.

लेबनान से यमन सरकार ने की अपील

इस बीच यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने लेबनान से आग्रह किया है कि वह हूती मिलिशिया को हिजबुल्लाह द्वारा दी जा रही सैन्य सहायता को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए. यमन की विदेश मंत्री अफराह अल-जौबा ने दोनों देशों की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय की मांग की.

इस ताजा सैन्य टकराव ने 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए सीजफायर को पूरी तरह तोड़ दिया है. अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े इस ताजा घटनाक्रम ने यमन में 12 साल पुराने युद्ध को फिर से भड़का दिया है, जिससे दुनिया का एक सबसे गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है.

Latest News

गोरखपुर: वनटांगिया परिवारों संग दिवाली मनाने पहुंचे CM योगी, बोले- अब वनटांगिया गांव में जंगल में मंगल

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव में परिवारों के साथ दिवाली मनाई. इस...

More Articles Like This