अदाणी डिफेंस–लियोनार्डो की ऐतिहासिक साझेदारी, भारत में बनेगा हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने इटली की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी लियोनार्डो के साथ मंगलवार को एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की. इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां मिलकर भारत में हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक मजबूत और एकीकृत इकोसिस्टम विकसित करेंगी. साझा बयान में कहा गया कि यह ऐतिहासिक साझेदारी देश की बढ़ती सैन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ भारत को हेलीकॉप्टर उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
बयान में आगे कहा गया कि भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष रूप से लियोनार्डो के एडवांस एडब्ल्यू169एम और एडब्ल्यू109 ट्रेकरएम हेलीकॉप्टरों को लक्षित करते हुए, यह सहयोग चरणबद्ध तरीके से स्वदेशीकरण, मजबूत रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) क्षमताओं में वृद्धि करेगा और व्यापक पायलट प्रशिक्षण प्रदान करेगा. लियोनार्डो की विश्व स्तरीय हेलीकॉप्टर डिजाइन और इंजीनियरिंग दक्षता को अदाणी डिफेंस की संपूर्ण डिफेंस और एयरोस्पेस की विशेषज्ञता के साथ मिलाकर, यह पहल आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाती है और राष्ट्रीय रक्षा तैयारियों को मजबूत करती है और भविष्य में इसका नागर विमानन के क्षेत्र से लेकर अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण तक विस्तार किया जा सकता है.
यह इकोसिस्टम इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और रखरखाव सेवाओं के क्षेत्र में हजारों उच्च-कुशल रोजगार के अवसर पैदा करेगा और भारत को हेलीकॉप्टर उत्पादन के एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा. अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि लियोनार्डो के साथ की गई यह साझेदारी भारत में एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार हेलीकॉप्टर इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है. उन्होंने कहा कि वैश्विक तकनीकी उत्कृष्टता को अपनी औद्योगिक क्षमताओं के साथ जोड़कर, यह पहल स्थायी मूल्य सृजन, उच्च-कुशल रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगी.
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा,भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आगामी दशक में 1,000 से अधिक हेलीकॉप्टरों की मांग का अनुमान लगाते हुए, यह साझेदारी हमारी आत्मनिर्भर विनिर्माण की परिकल्पना को साकार करती है. इससे स्वदेशीकरण में तेजी आएगी, आपूर्ति श्रृंखलाएं मजबूत होंगी और भारत एक विश्व स्तरीय उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित होगा. लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स के प्रबंध निदेशक जियान पिएरो कुटिलो ने कहा कि भारत के हेलीकॉप्टर उद्योग को और अधिक मजबूत व विकसित बनाने की दिशा में योगदान देना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि अदाणी के साथ यह साझेदारी भारत को आधुनिक तकनीक और उच्च परिचालन क्षमता के उस स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगी, जिसका देश हकदार है.
कुटिलो ने आगे कहा कि इस सहयोग के तहत वे अपनी वैश्विक विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए सर्वोत्तम समाधान प्रदान करने और इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. इससे पहले, पिछले सप्ताह एम्ब्रेयर और अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के बीच भारत में एकीकृत रीजनल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट इकोसिस्टम विकसित करने को लेकर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे. इस समझौते का उद्देश्य देश में एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, आफ्टरमार्केट सेवाओं और पायलट प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है.
Latest News

India-US Trade Deal: अमेरिका-भारत ट्रेड डील के बाद झूमा शेयर बाजार; 2,073 अंक उछला सेंसेक्स

India-US Trade Deal पर सकारात्मक संकेतों के बीच शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ. Sensex और Nifty में 2.5% से ज्यादा की मजबूती दर्ज की गई.

More Articles Like This

Exit mobile version