Adani Power Q1 Results: अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी पावर ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के दमदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 47.2 प्रतिशत बढ़कर 4,867 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,305 करोड़ रुपये था. कंपनी के मुताबिक, मजबूत परिचालन प्रदर्शन, बिजली बिक्री में बढ़ोतरी और वित्तीय लागत पर बेहतर नियंत्रण की वजह से मुनाफे में यह बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके साथ ही कंपनी ने राजस्व, EBITDA और बिजली बिक्री के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया है.
राजस्व में 26.6% की बढ़ोतरी
अदाणी पावर का कंसोलिडेटेड कुल राजस्व पहली तिमाही में 26.6 प्रतिशत बढ़कर 17,936 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 14,167 करोड़ रुपये था. कंपनी ने बताया कि बिजली बिक्री की मात्रा बढ़ने और बेहतर टैरिफ मिलने से राजस्व में यह वृद्धि हुई.
EBITDA ने बनाया नया रिकॉर्ड
कंपनी का कंसोलिडेटेड निरंतर EBITDA भी सालाना आधार पर 21.6 प्रतिशत बढ़कर 6,983 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 5,744 करोड़ रुपये था. यह अदाणी पावर के इतिहास का अब तक का सबसे अधिक तिमाही EBITDA है. कंपनी के अनुसार, ईंधन लागत में बढ़ोतरी के बावजूद मजबूत परिचालन क्षमता और लागत प्रबंधन की बदौलत यह रिकॉर्ड प्रदर्शन संभव हो सका.
बिजली बिक्री में भी तेज उछाल
पहली तिमाही के दौरान कंपनी की बिजली बिक्री 16.9 प्रतिशत बढ़कर 28.8 बिलियन यूनिट (BU) रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 24.6 बिलियन यूनिट थी. कंपनी ने इसका श्रेय उत्पादन क्षमता बढ़ने और देशभर में बिजली की मजबूत मांग को दिया है.
CEO ने क्या कहा?
अदाणी पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एस. बी. ख्यालिया ने कहा कि कंपनी ने एक बार फिर लागत-कुशल उत्पादन क्षमता और परिचालन उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि कंपनी 45 गीगावाट (GW) उत्पादन क्षमता के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है और सभी प्रमुख परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है.
हाइड्रो और न्यूक्लियर सेक्टर में भी बढ़ाएगी कदम
सीईओ ने बताया कि जयप्रकाश एसोसिएट्स की बिजली परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के साथ कंपनी अपने कारोबार का विस्तार कर रही है. इसके अलावा अदाणी पावर अब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हाइड्रो पावर परियोजनाओं में भी प्रवेश कर रही है. भविष्य में न्यूक्लियर पावर सेक्टर में उपलब्ध अवसरों पर भी कंपनी की नजर बनी हुई है.
PPA और टैरिफ में भी बढ़ोतरी
कंपनी के अनुसार, पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के तहत बिजली बिक्री 30.3 प्रतिशत बढ़कर 24.5 बिलियन यूनिट रही. वहीं प्रति यूनिट औसत टैरिफ 8.5 प्रतिशत बढ़कर 5.95 रुपये हो गया. दूसरी ओर, मर्चेंट और शॉर्ट-टर्म बाजार में बिजली की औसत प्राप्ति 13.1 प्रतिशत बढ़कर 7.04 रुपये प्रति यूनिट रही. कंपनी का कहना है कि इसकी प्रमुख वजह बाजार में मजबूत मांग रही.
कई बिजली परिसंपत्तियों का किया अधिग्रहण
अदाणी पावर ने कॉरपोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) के तहत 180 मेगावाट के चुर्क थर्मल पावर प्लांट, जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड (2,220 मेगावाट) में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (1,980 मेगावाट) में 11.49 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण भी किया है. कंपनी का मानना है कि इन अधिग्रहणों से आने वाले वर्षों में उसकी उत्पादन क्षमता और बिजली क्षेत्र में बाजार हिस्सेदारी दोनों और मजबूत होंगी.