America Iran Tension Share Market: मंगलवार को मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार दबाव में खुला. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 165.65 अंक यानी 0.21% गिरकर 77,103.72 पर रहा, जबकि निफ्टी 50 66.70 अंक यानी 0.28% टूटकर 24,052.60 पर कारोबार करता दिखा. बाजार खुलते ही निवेशकों में सतर्कता नजर आई और बिकवाली का दबाव हावी रहा.
बैंकिंग सेक्टर बना गिरावट का सबसे बड़ा कारण
शुरुआती कारोबार में गिरावट की अगुवाई बैंकिंग सेक्टर ने की. निफ्टी बैंक 258 अंक यानी 0.47% गिरकर 54,619 पर आ गया. इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑटो, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी इंफ्रा और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स भी टॉप लूजर्स में शामिल रहे. वहीं, निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी एनर्जी में हल्की तेजी देखने को मिली.
इन शेयरों में तेजी और गिरावट
सेंसेक्स पैक में इंफोसिस, टीसीएस, आईटीसी, एचयूएल, टेक महिंद्रा और टाइटन जैसे शेयरों में खरीदारी देखी गई.
वहीं, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, इंडिगो और एचसीएल टेक में गिरावट दर्ज की गई.
वैश्विक बाजारों से भी मिला नकारात्मक संकेत
ग्लोबल मार्केट्स में भी कमजोरी का माहौल रहा. ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग के बाजार लाल निशान में खुले, जबकि बैंकॉक और जकार्ता में भी गिरावट देखी गई. जापान और शंघाई के बाजार राष्ट्रीय छुट्टियों के कारण बंद रहे. अमेरिका के बाजार भी सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए, जिसका असर भारतीय बाजार पर साफ दिखा.
मध्य पूर्व तनाव ने बढ़ाई चिंता
मध्य पूर्व में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने Iran के 7 छोटे जहाजों को डुबो दिया. बताया गया कि ये जहाज होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बना रहे थे.
हालांकि, ईरान की ओर से इस पर कोई सीधा जवाब नहीं आया, लेकिन उसने यह जरूर कहा कि हॉर्मुज क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है. इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.
तेल की कीमतों में गिरावट
तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई. ब्रेंट क्रूड लगभग 2.02% गिरकर 104.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि दूसरे कॉन्ट्रैक्ट में करीब 1.12% की कमजोरी के साथ 113.2 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार हुआ. तेल कीमतों में गिरावट बाजार के लिए कुछ हद तक राहत की बात मानी जा रही है.
यह भी पढ़े: UP: पूरे प्रदेश में बिगड़ा मौसम का मिजाज, आज इन जिलों में आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी

