Weather In Up: पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है. बदले मौसम के बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहा. संभल में सर्वाधिक 130 मिमी और कासगंज में 97 मिमी वर्षा दर्ज की गई. बरेली में 54.6 मिमी, बाराबंकी में 53 मिमी, मुरादाबाद में 45 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी बारिश हुई. आज (मंगलवार) को भी कई जिलों में आंधी और ओला गिरने का एलर्ट जारी किया गया. मंगलवार की सुबह राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में हल्की और तेज बारिश हुई.
सोमवार को बलरामपुर, अलीगढ़ और गोरखपुर सहित कई जिलों में 80 से 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. इसके असर से अधिकतम तापमान सामान्य से 10 से 12 डिग्री तक गिर गया. तराई क्षेत्रों में ठंड और सिहरन महसूस की गई.
बाराबंकी में 26.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 12.1 डिग्री कम रहा. शाहजहांपुर 27.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा.
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक
मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 30 जिलों में 70 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले तीन दिन तक प्रदेश में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहेंगी. 5 से 7मई के बीच भी कई क्षेत्रों में तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है.
यहां ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी व आस पास के क्षेत्र.
यहां है 70 किमी/घंटा तक की झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका
बलरामपुर, श्रावस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर व आस पास के क्षेत्र.

