Anant Ambani ने वंतारा यूनिवर्सिटी का किया ऐलान, वन्यजीवों के लिए होगी समर्पित

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Anant Ambani Vantara University: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने गुजरात के जामनगर में वंतारा यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की है. यह यूनिवर्सिटी वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा विज्ञान को समर्पित होगी और इसे इस क्षेत्र की दुनिया की पहली ग्लोबल यूनिवर्सिटी के रूप में देखा जा रहा है.

इस संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां शिक्षा केवल सैद्धांतिक नहीं रहेगी, बल्कि छात्रों को वन्यजीवों की देखभाल, उपचार और संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी जाएगी. इसका उद्देश्य ऐसे विशेषज्ञ तैयार करना है, जो जानवरों के कल्याण के साथ-साथ पर्यावरण और जैव विविधता की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभा सकें.

 

अनंत अंबानी ने इस मौके पर कहा कि आज जरूरत सिर्फ ज्ञान की नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और समझ की भी है. उन्होंने बताया कि वंतारा यूनिवर्सिटी का विचार उन्हें तब आया, जब उन्होंने करीब से जानवरों की पीड़ा देखी और महसूस किया कि इस क्षेत्र में बेहतर ट्रेनिंग और संस्थानों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की भावना से प्रेरित है, जहां हर दिशा से अच्छे विचारों को अपनाने की परंपरा रही है.

जंगलों और पहाड़ों से मिट्टी-पत्थर लाकर रखी गई नींव

यूनिवर्सिटी के शिलान्यास कार्यक्रम को भी खास तरीके से आयोजित किया गया. देश के अलग-अलग हिस्सों—जंगलों, पहाड़ों, घास के मैदानों और आर्द्र क्षेत्रों से मिट्टी, पानी और पत्थर लाकर इसकी नींव रखी गई. अनंत अंबानी ने इसे भारत की समृद्ध प्राकृतिक विविधता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया.

पाठ्यक्रम की बात करें तो यहां वन्यजीव चिकित्सा, सर्जरी, पोषण, व्यवहार विज्ञान, जेनेटिक्स, महामारी विज्ञान और वन हेल्थ जैसे महत्वपूर्ण विषय पढ़ाए जाएंगे. इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था भी होगी, ताकि इस क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं को अवसर मिल सके.

स्कॉलरशिप प्रोग्राम होंगे शुरू

यूनिवर्सिटी में आधुनिक लैब, अस्पताल जैसी सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और रिहायशी कैंपस भी होगा. यहां पढ़ाई के साथ-साथ रिसर्च पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा और देखभाल के नए तरीके विकसित किए जा सकें.

 

इस प्रोजेक्ट के साथ वंतारा यूनिवर्सिटी फाउंडिंग फेलोज और एवरी लाइफ मैटर्स नाम से स्कॉलरशिप प्रोग्राम भी शुरू किए जाएंगे.

जामनगर है वन्यजीवों के इलाज और पुनर्वास का बड़ा केंद्र

गौरतलब है कि वंतारा पहले से ही जामनगर में वन्यजीवों के रेस्क्यू, इलाज और पुनर्वास का बड़ा केंद्र है. अब इस यूनिवर्सिटी के जरिए इसे शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने की तैयारी है. अनंत अंबानी की यह पहल भारत को वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान दिला सकती है.

यह भी पढ़े: आस्था के दरबार में अनंत अंबानी ने खोल दिया खजाना, राजराजेश्वरम और गुरुवायुर मंदिर को दिया करोड़ों का दान

Latest News

Microsoft ने 60,000 कर्मचारियों को दिया मर्जी से नौकरी छोड़ने का ऑफर, AI पर अरबों डॉलर खर्च कर रही कंपनी

Microsoft: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक Microsoft एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी करने...

More Articles Like This

Exit mobile version