भारत में Apple की बिक्री में iPhone 17 सीरीज का दबदबा, दूसरी तिमाही में कुल शिपमेंट में 44% हिस्सेदारी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Apple iPhone 17 Series: भारत के प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की पकड़ लगातार मजबूत बनी हुई है. साइबरमीडिया रिसर्च (CMR) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में iPhone 17 Series कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली स्मार्टफोन लाइनअप रही. इस अवधि में एप्पल के कुल आईफोन शिपमेंट में iPhone 17 Series की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत दर्ज की गई, जो किसी भी अन्य आईफोन लाइनअप से सबसे अधिक है.

रिपोर्ट के अनुसार, नई सीरीज की मजबूत मांग और प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में बढ़ती दिलचस्पी के चलते एप्पल भारतीय बाजार में अपनी स्थिति बनाए रखने में सफल रहा. हालांकि, कंपनी को मेमोरी सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा, जिसका असर कुल शिपमेंट पर देखने को मिला.

iPhone 17 Series रही सबसे आगे

सीएमआर की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से जून 2026 के बीच एप्पल के कुल आईफोन शिपमेंट में iPhone 17 Series की हिस्सेदारी 44 प्रतिशत रही. इसके बाद iPhone 16 Series ने 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. वहीं, iPhone 17e का योगदान 6 प्रतिशत, iPhone 16e की हिस्सेदारी 5 प्रतिशत और iPhone 15 Series की हिस्सेदारी 4 प्रतिशत दर्ज की गई. इससे साफ है कि पुराने मॉडल भी भारतीय बाजार में अपनी मांग बनाए हुए हैं.

दूसरी तिमाही एप्पल के लिए क्यों रहती है धीमी?

सीएमआर के इंडस्ट्री रिसर्च ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट प्रभु राम ने बताया कि अप्रैल-जून की तिमाही एप्पल के लिए आमतौर पर अपेक्षाकृत धीमी रहती है, क्योंकि कंपनी इस दौरान अपनी अगली पीढ़ी की आईफोन सीरीज लॉन्च करने की तैयारी करती है. उन्होंने कहा कि इस बार कंपनी को मेमोरी सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा, जिससे कुल शिपमेंट प्रभावित हुए. इसके बावजूद भारतीय बाजार में iPhone 17 Series की मजबूत मांग बनी रही.

iPad कारोबार पर भी दिखा असर

रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी तिमाही में टैबलेट बाजार में आई सुस्ती का असर एप्पल के आईपैड कारोबार पर भी पड़ा. कंपनी की कुल iPad शिपमेंट में iPad 11 Series की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत रही, जो सबसे अधिक थी. इसके बाद iPad Air 2026 Series ने 38 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की. वहीं iPad Pro 2025 Series का योगदान 4 प्रतिशत और iPad Air 2025 Series की हिस्सेदारी 2 प्रतिशत रही.

फेस्टिव सीजन में बढ़ सकती है बिक्री

सीएमआर का अनुमान है कि आने वाले फेस्टिव सीजन में एप्पल की बिक्री एक बार फिर तेज हो सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह कंपनी के पहले फोल्डेबल iPhone की संभावित लॉन्चिंग हो सकती है. हालांकि, निकट भविष्य में सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियां बनी रह सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद भारतीय बाजार में एप्पल की मजबूत स्थिति कायम रहने की उम्मीद है.

2026 के अंत तक बाजार हिस्सेदारी बढ़ने का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 के अंत तक भारत के स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की हिस्सेदारी करीब 12 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. वहीं, टैबलेट सेगमेंट में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि प्रीमियम डिवाइसों की बढ़ती मांग, नए प्रोडक्ट लॉन्च और मजबूत ब्रांड वैल्यू एप्पल को भारतीय बाजार में आगे भी मजबूती प्रदान करेगी.

यह भी पढ़े: Dabur India ने GreenLine से मिलाया हाथ, LNG ट्रकों से बदलेगी सप्लाई चेन की तस्वीर

Latest News

फास्ट-ट्रैक कोर्ट का फैसला युवाओं को सशक्त बनाने वाला कदम, राजनाथ सिंह ने की PM मोदी के निर्णय की तारीफ

New Delhi: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पेपर लीक मामलों में तेज़ी से सुनवाई के लिए फास्ट...

More Articles Like This

Exit mobile version