Byju Raveendran In Jail: भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक समय ऐसा था जब BYJU’S का नाम सफलता की सबसे बड़ी मिसाल माना जाता था. ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाली इस कंपनी ने बहुत कम समय में वैश्विक पहचान बनाई थी और इसके संस्थापक बायजू रवींद्रन को देश के सबसे सफल उद्यमियों में गिना जाने लगा था. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. जिस कंपनी की वैल्यू कभी अरबों डॉलर में थी, वही कंपनी लगातार कानूनी विवादों, निवेशकों के मतभेद और वित्तीय संकटों में घिरती चली गई. अब इस पूरे मामले में एक और बड़ा मोड़ सामने आया है.
BYJU’S के संस्थापक बायजू रवींद्रन को सिंगापुर की अदालत से बड़ा झटका लगा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगापुर की अदालत ने उन्हें अदालत की अवमानना (Contempt of Court) के मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है. अदालत का कहना है कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों से जुड़े कई अदालती आदेशों का बार-बार उल्लंघन किया, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर कोर्ट ने बायजू रवींद्रन को एक संबंधित कंपनी में शेयर रखने वाली इकाई बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड के कानूनी स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया था. अदालत ने उन्हें संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के भी आदेश दिए हैं. इसके अलावा उन्हें 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70,500 अमेरिकी डॉलर की कानूनी लागत चुकाने के लिए भी कहा गया है.
हीरो से संकट तक का सफर
बायजू रवींद्रन ने एक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और धीरे-धीरे BYJU’S को भारत के सबसे बड़े एडटेक ब्रांड में बदल दिया. कोविड महामारी के दौरान ऑनलाइन शिक्षा की मांग बढ़ी और कंपनी की ग्रोथ भी तेजी से हुई. BYJU’S ने कई कंपनियों का अधिग्रहण किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश की. एक समय कंपनी की वैल्यूएशन करीब 22 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी. लेकिन बाद में कंपनी को वित्तीय संकट, छंटनी, निवेशकों के विवाद, कानूनी चुनौतियों और कॉर्पोरेट गवर्नेंस से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ा. धीरे-धीरे कंपनी की स्थिति कमजोर होती चली गई.
नेटवर्थ में आया बड़ा बदलाव
फोर्ब्स की 2023 सूची के अनुसार बायजू रवींद्रन की अनुमानित संपत्ति करीब 2.1 बिलियन डॉलर यानी लगभग 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक थी. हालांकि बाद में कंपनी की स्थिति बिगड़ने के साथ उनकी संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गई. ब्लैकरॉक ने BYJU’S की वैल्यूएशन को काफी कम कर दिया और शेयरधारकों ने उनके नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठाए. एक समय भारत के स्टार्टअप पोस्टर बॉय कहे जाने वाले बायजू रवींद्रन की कहानी अब कारोबारी दुनिया के सबसे बड़े उतार-चढ़ाव में से एक मानी जा रही है.
यह भी पढ़े: LPG Price Today: आपके शहर में 14 और 19 किलो के गैस सिलेंडर का क्या है रेट? जानें आज कितनी बदली कीमतें

