Cisco Layoffs 2026: दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी सिस्को (Cisco) ने एक बार फिर बड़े स्तर पर छंटनी का ऐलान किया है. कंपनी वैश्विक स्तर पर करीब 4,000 कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने जा रही है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब दुनियाभर की बड़ी टेक कंपनियां तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और हाई ग्रोथ टेक्नोलॉजी सेक्टर पर फोकस बढ़ा रही हैं. कंपनी के मुताबिक यह छंटनी उसके कुल ग्लोबल वर्कफोर्स के 5 प्रतिशत से कम कर्मचारियों को प्रभावित करेगी. हालांकि, हजारों कर्मचारियों के लिए यह खबर बड़ा झटका मानी जा रही है.
AI पर बड़ा दांव खेल रही सिस्को
सिस्को के सीईओ चक रॉबिन्स और कंपनी की कार्यकारी नेतृत्व टीम ने यह जानकारी वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजों के साथ जारी एक इंटरनल मेमो में दी. मेमो में चक रॉबिन्स ने साफ कहा कि AI के दौर में वही कंपनियां आगे बढ़ेंगी जो तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के हिसाब से खुद को ढालेंगी और उन क्षेत्रों में निवेश करेंगी जहां भविष्य में सबसे ज्यादा ग्रोथ और कमाई की संभावना होगी. कंपनी अब अपने संसाधनों को AI, साइबर सिक्योरिटी, नेटवर्किंग और अन्य उभरती टेक्नोलॉजी की तरफ तेजी से शिफ्ट कर रही है.
कर्मचारियों को कब मिलेगा नोटिस?
सिस्को ने कहा है कि प्रभावित कर्मचारियों को 14 मई से नोटिस मिलना शुरू हो जाएगा. यह प्रक्रिया अलग-अलग देशों के स्थानीय कानूनों और नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि छंटनी के दौरान कर्मचारियों को जरूरी आर्थिक सहायता और करियर सपोर्ट दिया जाएगा ताकि उन्हें नई नौकरी तलाशने में मदद मिल सके.
कर्मचारियों को मिलेगा बोनस और सहायता
सिस्को ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए कई तरह की सहायता योजनाओं का ऐलान भी किया है. कंपनी के मुताबिक कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2026 का आनुपातिक बोनस, विच्छेद सहायता (Severance Package) और प्लेसमेंट सेवा कार्यक्रम की सुविधा दी जाएगी. कंपनी ने दावा किया है कि उसके प्लेसमेंट सेवा कार्यक्रम की मदद से अब तक करीब 75 प्रतिशत प्रतिभागियों को नई नौकरियां मिल चुकी हैं.
नई स्किल सीखने का मौका भी देगी कंपनी
सिस्को ने कहा कि जिन कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, उन्हें AI, साइबर सुरक्षा, नेटवर्किंग और अन्य आधुनिक टेक्नोलॉजी से जुड़े Cisco U Courses और सर्टिफिकेट्स तक एक साल की मुफ्त पहुंच दी जाएगी. कंपनी का कहना है कि इससे प्रभावित कर्मचारी नई टेक्निकल स्किल सीखकर भविष्य में बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे.
किन सेक्टरों में बढ़ेगा निवेश?
एक तरफ जहां कुछ डिवीजनों में कर्मचारियों की संख्या घटाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी कई हाई-टेक सेक्टरों में बड़ा निवेश जारी रखेगी. सिस्को ने बताया कि वह सिलिकॉन, ऑप्टिक्स, सिक्योरिटी और अपने ऑपरेशंस में बड़े पैमाने पर AI के इस्तेमाल पर फोकस बढ़ा रही है. कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में यही टेक्नोलॉजी उसकी ग्रोथ को आगे बढ़ाएंगी. मेमो में कहा गया कि ये निवेश कंपनी की मजबूत स्थिति को और मजबूत करेंगे और भविष्य की तेजी से बढ़ने वाली टेक्नोलॉजी पर फोकस बनाए रखेंगे.
छंटनी के बीच रिकॉर्ड कमाई
दिलचस्प बात यह है कि छंटनी के ऐलान के साथ ही सिस्को ने रिकॉर्ड तिमाही राजस्व भी दर्ज किया है. कंपनी का राजस्व 15.8 अरब डॉलर पहुंच गया है, जो पिछले साल की तुलना में 12 प्रतिशत ज्यादा है. यानी कंपनी की कमाई बढ़ने के बावजूद वह अपने बिजनेस मॉडल और निवेश रणनीति में बड़े बदलाव कर रही है.
यह भी पढ़े: कच्चे तेल और गैस ने बढ़ाई टेंशन, अप्रैल में 8.3% रही थोक महंगाई दर