AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Cloudflare ने 1,100+ कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Cloudflare Layoffs AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ टेक्नोलॉजी का ट्रेंड नहीं, बल्कि कंपनियों के काम करने के तरीके को जड़ से बदलने वाली ताकत बन चुका है. इसी बदलाव की बानगी अमेरिकी कनेक्टिविटी क्लाउड कंपनी Cloudflare के बड़े फैसले में देखने को मिली है, जहां कंपनी ने वैश्विक स्तर पर 1,100 से ज्यादा नौकरियों में कटौती का ऐलान किया है. खास बात यह है कि कंपनी इसे सामान्य छंटनी नहीं, बल्कि “AI-ड्रिवन ट्रांसफॉर्मेशन” का हिस्सा बता रही है, जो आने वाले समय में पूरे टेक सेक्टर की दिशा तय कर सकता है.

AI के बढ़ते इस्तेमाल ने बदला पूरा ऑपरेशन

कंपनी द्वारा कर्मचारियों को भेजे गए आंतरिक मेमो में बताया गया है कि पिछले तीन महीनों में AI का उपयोग 600 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गया है. इंजीनियरिंग, वित्त, मानव संसाधन और मार्केटिंग जैसे विभागों में कर्मचारी अब रोजमर्रा के कामों के लिए AI एजेंट्स का तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं. यही वजह है कि कंपनी ने अपने ऑपरेशनल मॉडल को नए सिरे से डिजाइन करने का फैसला लिया है, ताकि AI के इस तेज बदलाव के साथ तालमेल बैठाया जा सके.

छंटनी नहीं, संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा

क्लाउडफ्लेयर ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल लागत घटाने या कर्मचारियों के प्रदर्शन से जुड़ा नहीं है, बल्कि एक बड़े रणनीतिक बदलाव का हिस्सा है. मेमो में कहा गया, “यह कदम केवल लागत घटाने या खराब प्रदर्शन के आधार पर की जा रही छंटनी नहीं है, बल्कि एजेंटिक एआई युग के अनुरूप पूरे संगठन में बड़े बदलाव का हिस्सा है.”

कंपनी ने आगे कहा, “यह फैसला नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की प्रतिभा या काम का प्रतिबिंब नहीं है. हम कंपनी की हर आंतरिक प्रक्रिया, टीम और भूमिका को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं.”

कर्मचारियों को पारदर्शी तरीके से मिलेगी जानकारी

कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि इस पुनर्गठन का असर किस कर्मचारी पर पड़ेगा, इसकी जानकारी सीधे और स्पष्ट रूप से दी जाएगी. प्रभावित कर्मचारियों को उनके आधिकारिक और व्यक्तिगत दोनों ईमेल पर नोटिस भेजा जाएगा, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और किसी तरह की अनिश्चितता न बने.

छंटनी के बाद भी मिलेगी मजबूत आर्थिक सहायता

क्लाउडफ्लेयर ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए राहत पैकेज का भी ऐलान किया है. कंपनी के अनुसार, कर्मचारियों को 2026 के अंत तक पूरा मूल वेतन दिया जाएगा. अमेरिका में रहने वाले कर्मचारियों को साल के अंत तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिलता रहेगा. इसके अलावा, 15 अगस्त तक अतिरिक्त इक्विटी वेस्टिंग का लाभ दिया जाएगा. यहां तक कि जिन कर्मचारियों ने अभी तक अपनी एक साल की वेस्टिंग अवधि पूरी नहीं की है, उन्हें भी अनुपातिक इक्विटी वेस्टिंग का फायदा मिलेगा.

एक बार में पूरा होगा बदलाव

कंपनी इस पूरी प्रक्रिया को एक ही चरण में पूरा करना चाहती है. मेमो के अनुसार, इसका उद्देश्य कर्मचारियों को बार-बार छंटनी या लंबी अनिश्चितता की स्थिति से बचाना है. इससे संगठन को तेजी से नए ढांचे में ढाला जा सकेगा.

AI बदल रहा है टेक इंडस्ट्री का भविष्य

क्लाउडफ्लेयर का मानना है कि AI तेजी से टेक इंडस्ट्री के कामकाज और बिजनेस मॉडल को बदल रहा है. ऐसे में कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए अपने संगठनात्मक ढांचे को अपडेट करना जरूरी हो गया है. कंपनी की परिवर्तन रणनीति का मकसद संगठन को ज्यादा तेज, कुशल और नवोन्मेषी बनाना है, क्योंकि वह लगातार AI-आधारित उत्पादों और सेवाओं में निवेश कर रही है.

यह भी पढ़े: भारत–मिस्र व्यापार में तेजी: 12 अरब डॉलर लक्ष्य पर फोकस, निवेश के नए अवसर

Latest News

West Asia Crisis: UAE तट के पास ईरान ने एक जहाज को किया जब्त

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया संकट के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के पूर्वी तट के पास एक जहाज...

More Articles Like This

Exit mobile version