Delhi-NCR CNG Price: दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी हुई महंगी, जानिए आपके शहर में क्या हैं नए रेट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Delhi-NCR CNG Price: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी भी महंगी कर दी गई है. नई दरों के लागू होने के बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम समेत कई शहरों में सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है. इसका सीधा असर लाखों वाहन चालकों और रोजाना सफर करने वाले लोगों की जेब पर पड़ेगा. गैस कंपनियों का कहना है कि वैश्विक बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और आयात लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा है. भारत अपनी जरूरत की 50 प्रतिशत से ज्यादा प्राकृतिक गैस आयात करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई देने लगा है.

क्यों बढ़े सीएनजी के दाम?

अमेरिका-ईरान तनाव और हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच दुनिया भर में ऊर्जा कीमतों पर दबाव बना हुआ है. हॉर्मुज स्ट्रेट दुनिया के कच्चे तेल और गैस निर्यात का एक बड़ा मार्ग माना जाता है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. हाल के दिनों में वैश्विक मांग बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने के कारण प्राकृतिक गैस की कीमतों में तेजी आई है. गैस वितरण कंपनियों का कहना है कि अब गैस खरीदना पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है, जिसकी वजह से बढ़ी हुई लागत ग्राहकों पर डालनी पड़ रही है.

दिल्ली-एनसीआर में कितनी हुई सीएनजी की कीमत?

नई दरों के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अब सीएनजी 87.70 रुपये प्रति किलो मिलेगी. गुरुग्राम में सीएनजी की कीमत बढ़कर 84.12 रुपये प्रति किलो हो गई है. इसके अलावा हापुड़ में 88.70 रुपये, मेरठ और मुजफ्फरनगर में 87.58 रुपये प्रति किलो की दर तय की गई है. कानपुर, फतेहपुर और हमीरपुर जैसे शहरों में सीएनजी की कीमत 90.42 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जो कई शहरों के मुकाबले सबसे ज्यादा है.

किन शहरों में क्या हैं नए रेट?

  • दिल्ली — 79.09 रुपये प्रति किलो
  • नोएडा — 87.70 रुपये प्रति किलो
  • गाजियाबाद — 87.70 रुपये प्रति किलो
  • ग्रेटर नोएडा — 87.70 रुपये प्रति किलो
  • गुरुग्राम — 84.12 रुपये प्रति किलो
  • हापुड़ — 88.70 रुपये प्रति किलो
  • मेरठ — 87.58 रुपये प्रति किलो
  • मुजफ्फरनगर — 87.58 रुपये प्रति किलो
  • कानपुर — 90.42 रुपये प्रति किलो
  • फतेहपुर — 90.42 रुपये प्रति किलो
  • हमीरपुर — 90.42 रुपये प्रति किलो

आईजीएल और एमजीएल ने बढ़ाए दाम

दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी सप्लाई का संचालन इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी आईजीएल करती है. वहीं मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में महानगर गैस लिमिटेड यानी एमजीएल गैस सप्लाई का काम संभालती है. एमजीएल ने एक दिन पहले ही मुंबई क्षेत्र में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 84 रुपये प्रति किलो कर दिए थे. इसके बाद माना जा रहा था कि आईजीएल भी जल्द कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है और अब कंपनी ने नई दरें लागू कर दी हैं.

आम लोगों पर क्या होगा असर?

सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे ऑटो, टैक्सी, कैब और निजी वाहन चालकों पर पड़ेगा. रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों के मासिक खर्च में बढ़ोतरी हो सकती है. इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ने से अन्य चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है. खासकर दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े शहरों में लाखों लोग सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह बढ़ोतरी आम लोगों के बजट पर दबाव बढ़ा सकती है.

सरकार ने क्या कहा?

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही बंद हो गई है. दुनिया में होने वाले कच्चे तेल और गैस निर्यात का 20 प्रतिशत हिस्सा इसी स्ट्रेट गुजरता है. इससे पूरी दुनिया में ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की है. इस महीने की शुरुआत में सरकार ने कहा था कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है और घरेलू खाना पकाने के लिए एलपीजी की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है.

More Articles Like This

Exit mobile version