Food Inflation: महंगाई का असर अब रसोई के बजट पर और ज्यादा दिखाई देने लगा है. खाने के तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सरसों के तेल के अलावा पाम ऑयल, मूंगफली तेल और सूरजमुखी तेल के दाम भी पिछले साल की तुलना में काफी बढ़ गए हैं. बारिश के कारण सप्लाई प्रभावित होने से इस मौसम में खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर दबाव बढ़ा है. वहीं सब्जियों के दाम में भी तेजी देखने को मिल रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है.
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर, जौनपुर और आसपास के जिलों में सरसों की कीमत फिलहाल 7,000 से 7,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रही है. किसानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सरसों का भाव 8,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है. दूसरी ओर, फुटकर बाजार में सरसों का तेल करीब 220 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रहा है. पिछले एक महीने के दौरान भी इसके दाम में तेजी देखने को मिली है.
सरकारी आंकड़ों में भी बढ़ी सरसों के तेल की कीमत
सरसों के तेल की बढ़ती कीमतों का असर सरकारी आंकड़ों में भी नजर आ रहा है. केंद्र सरकार के कंज्यूमर डिपार्टमेंट के आंकड़ों के मुताबिक, 15 अगस्त को देश में सरसों के तेल की औसत कीमत 197.25 रुपये प्रति किलोग्राम रही. एक महीने पहले यानी 15 जुलाई को इसकी औसत कीमत 194.15 रुपये प्रति किलोग्राम थी. वहीं, 15 अगस्त 2025 को सरसों के तेल की औसत कीमत 188.20 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई थी. इस तरह पिछले एक साल में सरसों के तेल की औसत कीमत में बढ़ोतरी हुई है.
बड़े शहरों में सरसों के तेल का क्या भाव?
देश के प्रमुख शहरों में भी सरसों के तेल की कीमत अलग-अलग बनी हुई है.
- दिल्ली में सरसों का तेल करीब 209 रुपये प्रति किलोग्राम.
- मुंबई में करीब 231 रुपये प्रति किलोग्राम.
- चेन्नई में करीब 247 रुपये प्रति किलोग्राम.
शहरों के बीच कीमतों में अंतर स्थानीय बाजार और सप्लाई की स्थिति के कारण देखने को मिल रहा है.
पाम और सूरजमुखी तेल के दाम भी बढ़े
खाने के तेल की महंगाई सिर्फ सरसों के तेल तक सीमित नहीं है. पाम ऑयल की कीमत भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ गई है. मौजूदा कीमत 149.57 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि पिछले साल यह 130.24 रुपये थी. यानी इसमें करीब 14 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. सूरजमुखी तेल की कीमत 191.16 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है. पिछले साल इसकी कीमत 159 रुपये थी. इस हिसाब से सूरजमुखी तेल करीब 19 फीसदी महंगा हुआ है. इसी तरह मूंगफली तेल की कीमत भी बढ़ी है. फिलहाल यह 205.39 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है, जबकि पिछले साल इसकी कीमत 185.62 रुपये थी.
सब्जियों के दाम भी बढ़े
खाने के तेल के साथ सब्जियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. दिल्ली के बाजार में आलू करीब 23 रुपये, प्याज 45 रुपये और टमाटर करीब 45 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रहा है. बारिश के कारण सप्लाई प्रभावित होने से खाने-पीने की कई चीजों की कीमतों पर असर पड़ा है. ऐसे में तेल और सब्जियों के बढ़ते दाम का सीधा असर घरेलू रसोई के बजट पर दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़े: बंगाल: कांग्रेस नेता और उनके बेटे पर बरसाई गोलियां, धारदार हथियार से वार, दोनों की मौत