वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोने-चांदी ने छुए नए रिकॉर्ड स्तर, सिल्वर में 4% से ज्यादा की उछाल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

सप्ताह की शुरुआत सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों ने नए रिकॉर्ड बना दिए. अमेरिका में बढ़ते राजनीतिक तनाव और ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के कारण वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई, जिससे निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर मुड़े. इसी वजह से कीमती धातुओं में जोरदार खरीदारी देखने को मिली. खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 2,333 रुपये यानी 1.68% की तेजी के साथ 1,41,152 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी 10,598 रुपये या 4.19% की छलांग लगाकर 2,63,323 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई.

कीमती धातुओं में भूचाल

सोने ने आज के कारोबारी सत्र में रिकॉर्ड 1,41,250 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. चांदी ने भी रिकॉर्ड 2,63,996 रुपये प्रति किलोग्राम का हाई टच किया, जो अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है. इतना ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 1.45 प्रतिशत बढ़कर 4,575.82 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि इसने नया रिकॉर्ड 4,601.17 डॉलर भी छुआ. वहीं, चांदी की कीमत 4.85% बढ़कर 83.19 डॉलर हो गई और इसने 83.88 डॉलर का रिकॉर्ड स्तर भी छू लिया.

ट्रंप-पॉवेल टकराव से सोना-चांदी में तेजी

अमेरिकी फेड के प्रमुख जेरोम पॉवेल ने खुलासा किया कि केंद्रीय बैंक को न्याय विभाग से ग्रैंड जूरी के समन प्राप्त हुए हैं. यह मामला केंद्रीय बैंक के मुख्यालय में हुए निर्माण कार्य से जुड़ा है. इससे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और केंद्रीय बैंक के बीच तनाव और बढ़ गया है. मेहता इक्विटीज लिमिटेड के कमोडिटीज उपाध्यक्ष राहुल कलांत्री ने कहा कि दुनिया में बढ़ते युद्ध जैसे हालात, अमेरिका के केंद्रीय बैंक पर राजनीतिक दबाव और अमेरिका में उम्मीद से कमजोर रोजगार आंकड़ों के कारण लोग सुरक्षित निवेश के रूप में सोना और चांदी खरीद रहे हैं.

ईरान संकट से बढ़ी ग्लोबल चिंता

ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों ने भी बाजार में घबराहट बढ़ा दी है. निवेशकों को आशंका है कि यदि वहां राजनीतिक हालात और बिगड़ते हैं तो इससे तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है, जिससे वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल मच सकती है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर दिए गए बयानों ने भी अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है. वहीं, पिछले सप्ताह अमेरिका से आए रोजगार आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहे, जिससे यह संभावना मजबूत हुई है कि फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरों में कटौती कर सकता है.

सोना-चांदी में आगे भी तेजी के संकेत

तकनीकी विश्लेषण के मुताबिक, सोने को 1,34,550 से 1,32,310 रुपये के स्तर पर मजबूत सपोर्ट मिल रहा है, जबकि ऊपर की ओर 1,41,350 से 1,43,670 रुपये का रेजिस्टेंस देखा जा रहा है. चांदी के लिए सपोर्ट 2,48,810 से 2,44,170 रुपये के बीच है, जबकि इसका रेजिस्टेंस 2,55,810 से 2,59,470 रुपये के दायरे में बताया गया है. पिछले सप्ताह सोने में 4 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई, जबकि चांदी में 7% से अधिक का उछाल आया. रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी बयानों ने भी सोने और चांदी की कीमतों को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई है.

Latest News

06 November 2026 Ka Panchang: शुक्रवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

06 November 2026 Ka Panchang: 6 नवंबर 2026, शुक्रवार का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से खास रहने वाला...

More Articles Like This

Exit mobile version