Home Loan Interest Rates: घर खरीदने से पहले जरूर देखें ये लिस्ट, इन बैंकों में मिल रहा सस्ता होम लोन

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Home Loan Interest Rates: बढ़ती महंगाई और आसमान छूती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच अपना घर खरीदना आज भी करोड़ों लोगों का सबसे बड़ा सपना है. लेकिन घर खरीदने की योजना बनाते समय सबसे बड़ी चुनौती होती है सही होम लोन का चुनाव. कुछ प्रतिशत ब्याज दर का अंतर भी लंबे समय में लाखों रुपये का फर्क पैदा कर सकता है. ऐसे में घर खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों की नजरें भारतीय रिजर्व बैंक और बैंकों की ब्याज दरों पर टिकी रहती हैं.

इसी बीच RBI ने अपनी ताजा मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को लेकर बड़ा फैसला लिया है. केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है, जिससे होम लोन लेने वालों और पहले से EMI चुका रहे लोगों को राहत मिली है. अब सवाल यह है कि देश के प्रमुख सरकारी और निजी बैंक किस ब्याज दर पर होम लोन दे रहे हैं और किस बैंक में लोन लेना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

RBI ने नहीं घटाया रेपो रेट

होम लोन लेने वालों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा है. मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी (MPC) की बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक तनाव, बढ़ती महंगाई से जुड़े जोखिम और अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितताओं को देखते हुए फिलहाल नीतिगत रुख ‘न्यूट्रल’ रखा गया है. रेपो रेट वह दर होती है जिस पर RBI देश के बैंकों को कर्ज उपलब्ध कराता है. जब रेपो रेट बढ़ता है तो बैंकों के लिए धन जुटाना महंगा हो जाता है और इसका असर लोन की ब्याज दरों पर भी पड़ता है. वहीं रेपो रेट में कमी आने पर लोन सस्ता होने की संभावना बढ़ जाती है.

EMI पर क्या पड़ेगा असर?

RBI द्वारा रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने का मतलब है कि फिलहाल होम लोन की EMI पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ेगा. खासतौर पर फ्लोटिंग रेट होम लोन लेने वाले ग्राहकों के लिए यह राहत की खबर है क्योंकि उनकी मासिक किस्तों में तत्काल कोई बदलाव नहीं होगा. RBI के इस फैसले के बाद जून महीने में होम लोन लेने वाले ग्राहकों को मौजूदा ब्याज दरों पर ही लोन मिलता रहेगा.

अलग-अलग बैंकों में कितना है होम लोन ब्याज?

  • स्टेट बैंक ऑफ इंडिया- देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI अपने ग्राहकों को 7.25 प्रतिशत से 9.05 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है.
  • बैंक ऑफ बड़ौदा- बैंक ऑफ बड़ौदा में होम लोन की ब्याज दरें 7.20 प्रतिशत से शुरू होकर 9.25 प्रतिशत तक जाती हैं.
  • सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में होम लोन के लिए ब्याज दरें 7.10 प्रतिशत से 9.15 प्रतिशत के बीच हैं.
  • बैंक ऑफ इंडिया- बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों को 7.10 प्रतिशत से 10.25 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है.
  • यूनियन बैंक ऑफ इंडिया- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में होम लोन की ब्याज दर 7.15 प्रतिशत से शुरू होकर 9.60 प्रतिशत तक जाती है.
  • केनरा बैंक- केनरा बैंक में होम लोन की ब्याज दरें 7.25 प्रतिशत से 10 प्रतिशत तक हैं.
  • इंडियन ओवरसीज बैंक- इंडियन ओवरसीज बैंक में वेतनभोगी ग्राहकों के लिए ब्याज दर 7.10 प्रतिशत से शुरू होती है. वहीं गैर-वेतनभोगी ग्राहकों के लिए शुरुआती दर 8.20 प्रतिशत है.
  • ICICI बैंक- देश के प्रमुख निजी बैंकों में शामिल ICICI बैंक 7.50 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है.
  • कोटक महिंद्रा बैंक- कोटक महिंद्रा बैंक में होम लोन की शुरुआती ब्याज दर 7.60 प्रतिशत है.
  • HDFC बैंक- HDFC बैंक अपने ग्राहकों को 7.75 प्रतिशत की शुरुआती दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है.
  • एक्सिस बैंक- एक्सिस बैंक में होम लोन की ब्याज दरें 8 प्रतिशत से शुरू होकर 11.90 प्रतिशत तक जाती हैं. अंतिम दर ग्राहक की प्रोफाइल और पात्रता के आधार पर तय की जाती है.

RBI गवर्नर ने क्या कहा?

मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी की बैठक के बाद RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव, ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं को देखते हुए केंद्रीय बैंक ने सतर्क रुख अपनाया है. इसी वजह से रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है और पॉलिसी स्टांस को न्यूट्रल रखा गया है. इस फैसले के बाद फिलहाल होम लोन ग्राहकों को EMI बढ़ने की चिंता से राहत मिली है, जबकि बैंक अपनी मौजूदा ब्याज दरों पर ही ग्राहकों को होम लोन की सुविधा देते रहेंगे.

यह भी पढ़े: Share Market Crash: शेयर बाजार में भूचाल! कुछ घंटों में स्वाहा हुए निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये, सेंसेक्स 800 अंक टूटा

Latest News

09 June 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानिए शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

9 जून 2026 को अधिक ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि, प्रीति योग, आयुष्मान योग और पंचक का संयोग बन रहा है. साथ ही आज ज्येष्ठ माह का छठा बड़ा मंगल भी मनाया जाएगा.

More Articles Like This

Exit mobile version