Hurun Global Rich List 2026: भारत में अरबपतियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट की जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार देश में अब कुल 308 अरबपति हो गए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 24 अधिक हैं. इस बढ़ोतरी के साथ ही भारत अरबपतियों की संख्या के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.
कुल संपत्ति में 10% की बढ़ोतरी
रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति में भी सालाना आधार पर करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो अब बढ़कर 112.6 लाख करोड़ रुपए हो गई है. इनमें से 199 अरबपतियों की संपत्ति में इजाफा हुआ है, जबकि 109 अरबपतियों की संपत्ति में गिरावट या स्थिरता देखने को मिली है. वहीं, रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत के अरबपतियों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 7% है.
नए सेक्टरों से बढ़ रहे अरबपति
हुरुन रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अरबपतियों की संख्या अब पारंपरिक उद्योगों से आगे बढ़कर कई नए क्षेत्रों में भी बढ़ रही है. इससे यह संकेत मिलता है कि देश में आर्थिक विकास कई अलग-अलग सेक्टरों में हो रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, हेल्थकेयर सेक्टर से सबसे ज्यादा 53 नए अरबपति सामने आए. इसके बाद इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स सेक्टर से 36 और कंज्यूमर गुड्स सेक्टर से 31 नए अरबपति जुड़े.
ऊर्जा सेक्टर के पास सबसे ज्यादा संपत्ति
हालांकि नए अरबपतियों की संख्या कम होने के बावजूद ऊर्जा सेक्टर के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है. इस सेक्टर के सिर्फ 8 अरबपतियों के पास कुल 18.3 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है, जो भारत के कुल अरबपतियों की संपत्ति का लगभग 16 प्रतिशत है. भारत में मुंबई अब भी अरबपतियों का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है, जहां 95 अरबपति रहते हैं. हालांकि एशिया में अरबपतियों की राजधानी का दर्जा अब चीन के शेन्जेन को मिल गया है, जहां 133 अरबपति हैं.
मुंबई में जुड़े सबसे ज्यादा नए अरबपति
मुंबई में इस वर्ष 15 नए अरबपति जुड़े हैं, जो न्यूयॉर्क (14) और लंदन (9) की तुलना में अधिक हैं. भारत में मुंबई अब भी अरबपतियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क अरबपतियों के शहरों की सूची में पहले स्थान पर है, जहां 146 अरबपति रहते हैं. इसके बाद शंघाई (120), बीजिंग (107) और लंदन (102) का स्थान है.
महिला अरबपतियों की संपत्ति
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारतीय अरबपतियों की औसत उम्र 67 वर्ष है, जो वैश्विक औसत 65 वर्ष से थोड़ी अधिक है. वहीं, भारत की 23 महिला अरबपतियों के पास कुल मिलाकर करीब 9.8 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है.

