LPG Rate Today, 26 June: इंडस्ट्रियल और कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले लाखों कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर पिछले दो महीनों से लागू सभी प्रतिबंध समाप्त कर दिए हैं. सरकार के इस फैसले के बाद अब कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पहले की तरह सामान्य हो जाएगी, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबे, पीजी, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
क्यों हटाए गए प्रतिबंध?
सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया में हालात पहले के मुकाबले सामान्य होने लगे हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से समुद्री आवाजाही सुचारु होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने से LPG का आयात फिर से सामान्य हो गया है. इसी वजह से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर लगी पाबंदियों को पूरी तरह समाप्त करने का फैसला लिया गया है.
पहले क्यों लगाया गया था लॉक-इन नियम?
पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ईरान, अमेरिका तथा इजरायल के बीच संघर्ष की स्थिति को देखते हुए सरकार ने अप्रैल में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए 15 दिन का लॉक-इन नियम लागू किया था. इस नियम के तहत कोई भी व्यावसायिक उपभोक्ता 15 दिनों के भीतर दूसरा 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर बुक नहीं करा सकता था. अब इस नियम को समाप्त कर दिया गया है, जिससे कारोबारियों को जरूरत के अनुसार सिलेंडर बुक कराने की सुविधा मिल सकेगी.
आज LPG की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
26 जून को देशभर में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. प्रमुख शहरों में गैस सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह स्थिर बनी हुई हैं.
| शहर | घरेलू LPG सिलेंडर | 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर |
|---|---|---|
| दिल्ली | 942.00 रुपये | 3113.50 रुपये |
| मुंबई | 941.50 रुपये | 3067.50 रुपये |
| कोलकाता | 968.00 रुपये | 3256.00 रुपये |
| चेन्नई | 957.50 रुपये | 3283.00 रुपये |
| बेंगलुरु | 944.50 रुपये | 3198.00 रुपये |
| पोर्ट ब्लेयर | 1018.00 रुपये | 3544.00 रुपये |
| नोएडा | 939.50 रुपये | 3113.50 रुपये |
| गाजियाबाद | 939.50 रुपये | 3113.50 रुपये |
| पटना | 1031.50 रुपये | 3400.50 रुपये |
कारोबारियों को मिलेगा सीधा फायदा
सरकार के इस फैसले से होटल, रेस्तरां, फूड आउटलेट, पीजी, कैटरिंग सेवाओं और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है. सप्लाई सामान्य होने से सिलेंडरों की उपलब्धता बेहतर होगी और व्यवसायों को बार-बार बुकिंग से जुड़ी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. वहीं, बाजार में कालाबाजारी और कृत्रिम कमी जैसी समस्याओं पर भी नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़े: चित्त की हर वृत्ति में श्रीकृष्ण का अनुभव ही है महारास: दिव्य मोरारी बापू