New GDP Series 2022-23: नई जीडीपी सीरीज (बेस ईयर 2022-23) शुक्रवार को जारी की जा सकती है. इससे पहले सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (MOSPI) द्वारा गठित एक उप-समिति ने सुझाव दिया है कि नई सीरीज में जीडीपी के आकलन के लिए जीएसटी डेटा का अधिक व्यापक उपयोग किया जाए. यह सिफारिश राष्ट्रीय खातों के आधार वर्ष को वित्त वर्ष 2022-23 में संशोधित करने की प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे मंत्रालय ने शुरू किया है.
बेस ईयर में बदलाव और CPI अपडेट
2011-12 सीरीज में जीएसटी डेटा का उपयोग तिमाही राष्ट्रीय खातों और वार्षिक राष्ट्रीय खातों के कुछ क्षेत्रों में किया गया था. भारत अब जीडीपी का बेस ईयर 2011-12 से बदलकर 2022-23 कर रहा है. इसके साथ ही उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) का बेस भी 2024 में अपडेट किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अर्थव्यवस्था की मौजूदा संरचना को बेहतर तरीके से दिखाना है, जिसमें डिजिटल कारोबार और सेवा क्षेत्र की बढ़ती हिस्सेदारी शामिल है.
नए डेटा स्रोतों का होगा व्यापक उपयोग
इस बदलाव में असंगठित क्षेत्र के अधिक सटीक आकलन के साथ-साथ जीएसटी जैसे नए डेटा स्रोतों का व्यापक उपयोग किया जाएगा. इसके अलावा ई-वाहनों के पंजीकरण और प्राकृतिक गैस की खपत से जुड़े आंकड़ों को भी शामिल करने की योजना है. नई पद्धति से भारत की अर्थव्यवस्था की वास्तविक तस्वीर बेहतर तरीके से सामने आएगी और देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है.
FY26 के लिए विकास दर का अनुमान
पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में जीडीपी वृद्धि दर करीब 7.4% रहने की संभावना है, जिसमें सबसे बड़ा योगदान घरेलू मांग का होगा. एसबीआई रिसर्च के मुताबिक, FY26 की तीसरी तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 8 से 8.1% के बीच रह सकती है. वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत गति बनाए रखी है. अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच के उच्च-आवृत्ति संकेतक भी आर्थिक गतिविधियों में निरंतर मजबूती की ओर इशारा करते हैं.
तीसरी तिमाही के GDP आंकड़े भी जल्द
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में प्रतिकूल बेस इफेक्ट के बावजूद जीडीपी वृद्धि दर 8.3% तक रह सकती है. FY25-26 के दूसरे अग्रिम जीडीपी अनुमान, पिछले तीन वित्त वर्षों के जीडीपी आंकड़े और नए बेस 2022-23 के अनुसार त्रैमासिक जीडीपी आंकड़े शुक्रवार को जारी किए जाएंगे.
यह भी पढ़े: Q3 GDP Growth: तीसरी तिमाही में भारत की GDP 8.3% रहने का अनुमान, GST कटौती से बढ़ी मांग

